दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद इसे लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि दिल्ली में हुआ विस्फोट सीएनजी सिलेंडर में हुआ धमाका था और इस दावे के पक्ष में कहा गया कि दिल्ली के स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) रविंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि अब सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
सरकार ने आधिकारिक जानकारी ही साझा करने की अपील की
पीआईबी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बताया गया है कि सीएनजी सिलेंडर में धमाके की बात फर्जी है। दिल्ली पुलिस के किसी भी अधिकारी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। घटना की जांच चल रही है। साथ ही लोगों से अलर्ट रहने की अपील की गई है और कहा गया है कि बिना किसी आधिकारिक और पुष्ट जानकारी के बिना कोई भी पोस्ट साझा न करें।
पीआईबी के अकाउंट पर साझा एक पोस्ट में कहा गया है कि दिल्ली धमाके की कुछ फर्जी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं। कुछ तस्वीरों को दिल्ली धमाके की तस्वीरें बताया जा रहा है, लेकिन वे लेबनान में साल 2024 में हुए धमाके की हैं। सरकार ने अपील की कि विश्वसनीय जानकारी ही सोशल मीडिया पर साझा करें।









