नैनीताल- न्यू पालिका बाजार में लगी भीषण आग, फास्ट फूड दुकान में फटा सिलेंडर, टला बड़ा हादसा

नैनीताल के मल्लीताल न्यू पालिका बाजार तड़के एक बड़े हादसे का गवाह बनने से बाल-बाल बच गया। सुबह करीब पांच बजे फास्ट फूड की एक दुकान में लगी आग कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई। आग के बीच गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यदि समय रहते कर्मचारियों को बाहर नहीं निकाला जाता और दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग पूरी बाजार को अपनी चपेट में ले सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पांच बजे दुकान में धुंआ उठा। इस दौरान दुकान से धुआं उठता देख अंदर सो रहे कर्मचारी घबरा गए और पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर निकलकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग बुझाने के दौरान दुकान का कर्मचारी साहिल घायल हो गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार में एक-दूसरे से सटी दुकानें होने और कई दुकानों में गैस सिलेंडर व ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण यह घटना बेहद गंभीर थी। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो पूरी बाजार इसकी चपेट में आ सकती थी और बड़ा आर्थिक नुकसान होने के साथ जनहानि की भी आशंका थी। इस घटना ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और नियमित विद्युत जांच की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया।
अग्निशमन विभाग के एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
और पढ़े  देहरादून: 'इंडिया' गठबंधन की मेगा रैली पर CM धामी ने साधा निशाना, कहा- यह इनकी हताशा और निराशा का नतीजा
  • Related Posts

    देहरादून – हरक का भट्ट पर पलटवार: बोले- नंदप्रयाग घाट में लोगों ने क्यों पीटा था?, मैंने मुंह खोला तो पूरे चिट्ठे खोलूंगा

    कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने फिर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि बदरीनाथ विधानसभा सीट से…

    देहरादून- 39 वें राष्ट्रीय खेल: मेघालय में खेलों की उत्तराखंड में तैयारियां शुरू, अधिकारियों की संघों के साथ होगी बैठक

    मेघालय में अगले साल प्रस्तावित 39 वें राष्ट्रीय खेलों की उत्तराखंड में आज से तैयारियां शुरू हो जाएंगी। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इसे लेकर आज महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स…