IND W vs SA W- भारत को पहली बार विश्वकप का ताज,52 साल के महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में भारत बना पहली बार चैंपियन, द.अफ्रीका को हराया

भारत की महिला टीम इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में द. अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच पलट दिया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी बेकार गई। 52 साल के महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में यह भारत का पहला वनडे विश्व कप का खिताब है। पहला महिला वनडे विश्व कप 1973 में खेला गया था।

भारत की पारी
भारत ने 50 ओवर के खेल के बाद सात विकेट गंवाकर 298 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 299 रन का लक्ष्य रखा था। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 350 के स्कोर तक पहुंच जाएगी, लेकिन मध्यक्रम में विकेट गिरने और धीमी बल्लेबाजी से ऐसा नहीं हो सका और भारतीय टीम 300 के करीब ही पहुंच पाई। यह महिला वनडे विश्व कप फाइनल का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा और भारत का विश्व कप फाइनल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। उसने 2022 विश्व कप फाइनल में पांच विकेट पर 356 का स्कोर बनाया था।भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 58 रन और शेफाली ने 87 रन की पारी खेली। इसके अलावा स्मृति मंधाना ने 45 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष ने 24 गेंद में 34 रन की तूफानी पारी खेली। जेमिमा रॉड्रिग्स 24 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, अमनजोत कौर ने 12 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिए। वहीं, मलाबा, डी क्लर्क और क्लो ट्रायोन को एक-एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका की पारी
299 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। कप्तान एल वोल्वार्ट के अलावा कोई अफ्रीकी बल्लेबाज मैदान पर नहीं टिक सका। वोल्वार्ट ने 98 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली। वहीं, ताजमिन ब्रिट्स 23 रन और सुने लूस 25 रन बना सकीं। बॉश खाता नहीं खोल सकीं। मारिजाने कैप चार रन और क्लो ट्रायोन नौ रन बनाकर आउट हुईं।सिनालो जाफ्ता ने 16 रन की पारी खेली। आखिर में डर्कसेन ने जरूर 35 रन बनाए, जबकि डी क्लर्क ने 18 रन बनाए, लेकिन यह काफी नहीं था। शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने दो विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। इसके अलावा श्री चरणी ने एक विकेट लिया और कसी हुई गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका की पारी 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई।
और पढ़े  भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त
  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…