IND W vs SL W:- भारत ने 8 विकेट से जीता तीसरा टी20 मैच, श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से हासिल की अजेय बढ़त

शेफाली वर्मा की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 मैच में आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में क्रमश: आठ और सात विकेट से हराया था। अब दोनों टीमें चौथे मुकाबले के लिए 28 दिसंबर को आमने-सामने होंगी।

 

शेफाली ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की शुरुआत झटके के साथ हुई। कविषा दिलहारी ने उपकप्तान स्मृति मंधाना को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। इसके बाद दिलहारी ने जेमिमा रोड्रिग्स को बोल्ड किया। वह सिर्फ नौ रन बना पाईं। वहीं, शेफाली वर्मा ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 79 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 21 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस तरह भारत ने 13.2 ओवर में दो विकेट पर 115 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

रेणुका के चार विकेट, दीप्ति का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने शानदार वापसी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इन दोनों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शुक्रवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में श्रीलंका को 7 विकेट पर 112 रन तक सीमित कर दिया।

दिसंबर 2024  के बाद अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रही रेणुका (4/21) ने नई गेंद से वही किया, जिसके लिए वह जानी जाती हैं। श्रीलंका के शीर्ष क्रम को झकझोरते हुए मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। वहीं, दीप्ति शर्मा (3/18) ने समय-समय पर अहम सफलताएं दिलाईं और अपनी 151वीं टी20 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट के साथ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं।

सीरीज में बने रहने की कोशिश कर रही श्रीलंका को हसिनी परेरा (25) ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने रेणुका के पहले ओवर में दो चौकों की मदद से 12 रन बटोरे। परेरा ने संयम और आक्रामकता का अच्छा मिश्रण दिखाया और विकेटकीपर के ऊपर से स्कूप शॉट खेलकर भी बाउंड्री लगाई, जिससे कप्तान चामरी अटापट्टू (3) पर दबाव नहीं आने दिया।

और पढ़े  भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

हालांकि, भारत ने जल्द ही वापसी की। दीप्ति ने अटापट्टू को आउट कर पहला बड़ा झटका दिया, जब चार्ज करने की कोशिश में उनका शॉट टॉप एज होकर हरमनप्रीत कौर के हाथों में चला गया। इसके बाद रेणुका ने अपने दूसरे स्पेल में छठे ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले अच्छी फॉर्म में चल रही हसिनी परेरा को आउट किया और फिर शानदार कैच एंड बॉल्ड के जरिए हर्षिता समरविक्रमा (2) को पवेलियन भेजा। इससे श्रीलंका का स्कोर 32/3 हो गया।

रेणुका ने 10वें ओवर में निलक्षिका सिल्वा को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत की पकड़ और मजबूत कर दी। कविषा दिलहारी (20) और इमेशा दुलानी ने 40 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को संभालने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही टीम वापसी करती दिखी, दीप्ति ने दिलहारी को आउट कर अपने टी20 करियर का 150वां विकेट पूरा किया। इसके बाद रेणुका और दीप्ति ने नियमित अंतराल पर विकेट लेते हुए श्रीलंका को कभी लय में नहीं आने दिया और टीम को एक औसत से भी कम स्कोर पर रोक दिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी।

श्रीलंका: चामरी अटापट्टू (कप्तान), हंसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, इमेशा दुलानी, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मालशा शेहानी, इनोका राणावीरा, मल्की मदारा, निमशा मदुशानी।

  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…