भीषण हादसा: दंपती की मौत, चार घायल, काशी से दर्शन कर लौट रहे थे एमपी, खड़े ट्रक से टकराई थी कार

मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक दंपती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु वाराणसी में दर्शन-पूजन कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले लोग कार से वाराणसी दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद देर रात वापस लौटते समय ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास नेशनल हाईवे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में विकास (35) और उनकी पत्नी सोनम (31) निवासी बरही थाना, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार चालक हीरालाल (23) निवासी छिबिया, कटनी, हिमांशु (27) निवासी उचेहरा, जिला सतना, सक्षम (17) निवासी नागौद तथा राधा (40) पत्नी प्रह्लाद निवासी नागौद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार राधा की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि मृतक दंपती के दोनों मासूम बेटे चार वर्षीय शिवांश और डेढ़ वर्षीय रुद्र इस भीषण दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। माता-पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से साया उठ जाने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

और पढ़े  UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 आईएएस अफसर इधर से उधर, जौनपुर-मऊ के सीडीओ समेत कई अधिकारियों के तबादले

ड्रमंडगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराना हादसे का कारण माना जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी मध्यप्रदेश से मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए।

  • Related Posts

    बरेली: गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश कासिम खां मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली, साथी भी गिरफ्तार

    बरेली के फरीदपुर कस्बे में बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर…

    अयोध्या- सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे BJP प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े

        भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता करेंगे। यात्रा में…