विदेश में नौकरी और मोटी कमाई का सपना लेकर रूस गए मंडी जिले के तीन युवाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुंदरनगर की जड़ोल पंचायत के त्रिहंवी गांव निवासी हुस्न लाल व मान सिंह और सलवाना के बह गांव निवासी कमल को वर्क वीजा के बजाय विजिटर वीजा पर रूस भेज दिया गया।
विदेश में मोटी कमाई और आकर्षक नौकरी का लालच देकर युवाओं को मानव तस्करी और साइबर अपराध के जाल में फंसाने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध प्लेसमेंट एजेंसियों, फर्जी एजेंटों और अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की तैयारी है।राज्य पुलिस, साइबर प्रकोष्ठ, श्रम विभाग और जिला प्रशासन मिलकर ऐसे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करेंगे। गृह मंत्रालय ने चेताया है कि संगठित गिरोह विदेश में ऊंचे वेतन वाली नौकरियों का झांसा देकर युवाओं को दूसरे देशों में ले जाते हैं। वहां उन्हें बंधक बनाकर जबरन अवैध साइबर धोखाधड़ी केंद्रों में काम करने के लिए मजबूर किया जाता है। ऐसे केंद्रों में युवाओं से ऑनलाइन ठगी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां करवाई जाती हैं। कई मामलों में नौकरी की तलाश में विदेश जाने वाले युवा अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क का शिकार बन जाते हैं।खतरे को देखते हुए हिमाचल में युवाओं को ऐसे गिरोहों से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स से वैध लाइसेंस लिए बिना संचालित हो रही प्लेसमेंट एजेंसियों की पहचान की जाएगी। बिना पंजीकरण विदेश में नौकरी दिलाने का दावा करने वाली एजेंसियों और उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में मानव तस्करी से जुड़ी गंभीर कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किए जाएंगे।






