कनखल कोतवाली क्षेत्र में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के कार्यालय में एसपी पर गोली चला दी गई। आरोप है कि एसपी सीपी नौटियाल से किसी बात को लेकर नाराज चल रहे चालक ने कार्यालय में घुसकर तमंचे से फायर किया। गोली एसपी के माथे के पास से छूकर निकल गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए तमंचा बरामद कर लिया है।
अन्य कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल एसपी को बंगाली अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया। अस्पताल में एसपी का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद करते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
घायल अधिकारी की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे तमंचा बरामद हुआ है। पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। – नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार







