जामिया मिल्लिया इस्लामिया में दो दशक बाद अगले साल छात्र संघ चुनाव होंगे। जामिया में चुनाव सहित विभिन्न मांगों को लेकर 12 अक्तूबर से जारी आंदोलन को बृहस्पतिवार रात को छात्रों ने खत्म करने का एलान किया। इस आंदोलन में कई पड़ाव देखने को मिले थे। आंदोलन के बड़ा होने की शुरुआत 17 अक्तूबर से हुई थी। जब छात्रों को गुलिस्तान गालिब लॉन से हटावा दिया गया था। जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। छात्र दुबारा से आंदोलन स्थल पर आकर बैठ गए थे।
जिसके के बाद कैंपस में जीत का जश्न मना। भूख हड़ताल करने वाले छात्रों को कैंपस में कंधे पर बैठाकर घुमाया गया। डफली बजाने और नारों की गूंज से पूरा कैम्पस परिसर गूंज उठा। छात्रों ने भूख हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया। इस आंदोलन के दौरान रेहान ने नंगे पैर रहने की बात की थी कि कार्यक्रम जारी होने के बाद ही चप्पल पहनेंगे।
छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एबिन बासिल ने 18 दिनों तक संघर्ष किया और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी। आखिरकार छात्रों के संघर्ष के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग स्वीकार हुई। यह जीत छात्र एकता, दृढ़ संकल्प और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ने वाले हर छात्र की जीत है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि 18 दिनों से अधिक समय तक चले संघर्ष के बाद छात्रों ने अपनी मांगों को आगे बढ़ाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने इस आंदोलन का श्रेय संयुक्त छात्र समन्वय और हजारों छात्रों की एकजुटता को दिया। आंदोलन के दौरान संगठन के नेता जीशान अहमद खान और जामिया इकाई के अध्यक्ष फैजान को गिरफ्तार कर तीन दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अब सभी छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने कहा कि जामिया प्रशासन के प्रतिनिधियों और छात्रों के बीच लगातार बैठकों के बाद गतिरोध खत्म हो गया। करीब 20 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के मुद्दे पर छात्रों के आंदोलन को अहम सफलता मिली है।
पिछले तीन दिनों से इस मामले में लगातार बातचीत चल रही थी। लेकिन सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके बाद केरल से सांसद हारिस बीरन ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने छात्रों की मांगों पर कुलपति से चर्चा की। इसके बाद रजिस्ट्रार के साथ छात्रों के बीच सहमति बनने और प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने की घोषणा की गई।








