चमोली- बदरीनाथ में पुलिसकर्मी से मारपीट का आरोप, आर्मी मेजर समेत 10 से 15 जवानों पर मुकदमा दर्ज

बदरीनाथ में घस्तोली तिराहे पर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के आरोप में आर्मी मेजर समेत 10 से 15 अन्य जवानों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब पौने छह बजे की है। मामले में कोतवाली बदरीनाथ में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बदरीनाथ कोतवाली में तैनात कांस्टेबल विजय सिंह की ओर से पुलिस को दी तहरीर के अनुसार आर्मी मेजर अनमोल प्रीत और 10 से 15 अन्य आर्मी जवानों ने कथित तौर पर मारपीट की।
आरोप है कि मेजर अनमोल प्रीत नशे की हालत में थे। इस दौरान जवानों ने कांस्टेबल विजय सिंह और होमगार्ड दिनेश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की तथा उनकी वर्दी फाड़ दी। मारपीट में दोनों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है।
मामले की विवेचना उप निरीक्षक प्रकाश बिष्ट को सौंपी गई है। पुलिस ने मारपीट, दंगा, गलत तरीके से रोकने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मेजर सहित अन्य जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस बैरियर पर मेजर की जिप्सी रोकने पर मचा बवाल

इन दिनों बदरीनाथ धाम के साथ ही देश के प्रथम गांव माणा में कांवड़िये बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। गढ़वाल स्काउट से आगे माणा पुल पर कांवड़ियों की भारी भीड़ और मास्टर प्लान के कार्यों को देखते हुए पुलिस की ओर से पुल पर बैरियर लगाया गया है। बड़ी गाड़ियों को आगे जाने से रोका जा रहा था, जबकि छोटे वाहनों को रुक-रुककर भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार को शाम लगभग पौने छह बजे आर्मी मेजर अनमोल प्रीत सादी वर्दी में एक जिप्सी में वहां पहुंचे। वे माणा गांव की ओर जा रहे थे। पुलिस की ओर से उन्हें रोकने पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

और पढ़े  उत्तराखंड: खानपुर विधायक उमेश कुमार ने दिया इस्तीफा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी बोलीं-पत्र नहीं मिला
  • Related Posts

    उत्तराखंड- हेलीकॉप्टर क्रैश, बदरीनाथ से लौट रहे हेलीकॉप्टर की क्रैश होने की सूचना,ड्रोन से तलाश

    बदरीनाथ से लौटते समय एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने की खबर है। पायलट से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। अब ड्रोन से…

    उत्तराखंड: सदन से घर तक की दौड़, चांद के दीदार की होड़, 1 घंटे के भीतर विधानसभा परिसर में पसर गया सन्नाटा

    ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में दो दिन के सत्र को लेकर खासी जल्दबाजी का माहौल नजर आया। दूसरे दिन तो सुबह से ही कयासबाजी लगने लगी कि कितने बजे…