उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व देशभर से लखनऊ पहुंचे पीठासीन अधिकारियों के दल का बृहस्पतिवार को अयोध्या आगमन हुआ। यहां उन सभी का स्वागत किया गया। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
विधायक रामचंद्र यादव ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बुके भेंट किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। इसके बाद अयोध्या धाम के निषादराज चौराहे पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना देश के पीठासीन अधिकारियों के साथ राम मंदिर पहुंचे। पीठासीन अधिकारियों के साथ करीब 450 लोगों का दल पहुंचा है। राम मंदिर के आद्य शंकराचार्य द्वार से सभी को मंदिर में प्रवेश दिया गया।









