अखिलेश यादव- हम नैतिक रूप से जीत चुके हैं, बस प्रमाणपत्र मिलना है,यादव ने पार्टी नेताओं व समर्थकों से की अपील

यूपी में उपचुनाव की नौ सीटों पर मतदान के बाद मतगणना से एक दिन पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं व समर्थकों से अपील की है कि वो पूरी तरह सतर्क रहें और शनिवार को मतगणना के बाद जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही लौटें। उन्होंने कहा कि हम नैतिक रूप से जीत चुके हैं, बस प्रमाणपत्र मिलना बाकी है।

अखिलेश यादव ने सोशल साइट एक्स पर बयान जारी कर कहा कि इंडिया गठबंधन-समाजवादी पार्टी की सजगता व सक्रियता से जिस तरह हमारे मतदाताओं, समर्थकों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, नेताओं, उम्मीदवारों, समस्त पीडीए समाज व कुछ ईमानदार मीडियाकर्मियों ने भाजपा सरकार की चुनावी धांधली का डटकर सामना किया है, उसकी प्रशंसा हर ओर हो रही है। ये सक्रियता आगे भी जारी रहेगी और अपनी सरकार बनाएगी।
सच तो ये है कि जिस प्रकार भाजपा और उनके संगी-साथियों के चुनावी घपलों से लेकर राजनीतिक हथकंडों तक का लगातार पर्दाफाश हो रहा है, उससे भाजपा का समर्थन करनेवालों की संख्या दिन-पर-दिन गिरती जा रही है। जनता भाजपा को चुनना नहीं चाहती है, इसीलिए भाजपा भ्रष्ट शासन-प्रशासन-प्रचार तंत्र का दुरुपयोग करके सरकार में बने रहना चाहती है।
उम्मीद है धीरे-धीरे सबको ये समझ आ जाएगा कि चाहे नेता हों या अधिकारी, भाजपा सबको पहले लालच या अन्य किसी दबाव या भावनात्मक रूप से झांसा देकर गलत काम करवाती है फिर जब वो पकड़े जाते हैं, उनका निलंबन होता है, उनपर मुक़दमा होता है, उनकी नौकरी जाती है या उनको जेल होती है या फिर समाज-परिवार अथवा विभाग में बदनामी होती है तो भाजपा उनसे पल्ला झाड़ लेती है। भाजपाई फंसानेवाले लोग हैं, बचानेवाले नहीं। भाजपा किसी की सगी नहीं है।
इसीलिए इंडिया गठबंधन-सपा के सभी जागरूक उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, नेताओं, समर्थकों व समझदार आम जनता से ये अपील है कि वे डटे रहें, अपने वोट की दिन-रात रक्षा करें व कल मतगणना के लिए पूरी तरह सावधान रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें। हम नैतिक रूप से जीत चुके हैं, बस प्रमाणपत्र मिलना बाक़ी है।
अखिलेश यादव ने मीडियाकर्मियों से भी अपील की है। उन्होंने कहा कि ईमानदार मीडियाकर्मियों से भी ये अतिरिक्त अपील है कि वो भी अपने कैमरे और क़लम लेकर मुस्तैदी से डटे रहें और बड़े-बड़े मीडिया चैनलों और उनके पत्रकारों को बताएं कि कोई बड़ा दिखावटी चमक-दमक से नहीं बल्कि अपने ईमानदार काम से होता है। आपकी सत्यनिष्ठा और सकारात्मक सक्रियता ही आपकी सार्थकता है। आपका एक सच सौ झूठों पर भारी साबित होगा।
और पढ़े  UP: विधान परिषद की 11 सीटों पर 55 प्रतिशत मतदान, गोरखपुर- फैजाबाद मंडल टॉप पर
  • Related Posts

    MLC Election Results- उत्तर प्रदेश समेत 4 राज्यों में विधान परिषद चुनाव की मतगणना जारी

    उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया चल रही है। लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में काउंटिंग होगी। परिणाम देर शाम तक आने…

    UP- चक्रवात की वजह से 28 से 31 अक्तूबर तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, सक्रिय हुई सरकार, अलर्ट घोषित

    चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए…