मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी में शामिल होने और वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए दूर-दराज से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पंजाब के लुधियाना से 25 से अधिक किन्नरों का दल नदावां पहुंचा। यहां उन्होंने पारंपरिक मंगल गीत गाकर शिवांगी सिंह और उनके होने वाले जीवनसाथी को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। खास बात यह रही कि ये सभी शादी की खबर मिलने के बाद लंबा सफर तय कर यहां पहुंचे हैं।
जयपुर की थीम पर बन रहा जयमाला स्टेज, रातभर ग्राउंड में डटे रहे अनंत सिंह
इधर, शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को होने वाली शादी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह के लिए जयपुर की थीम पर भव्य जयमाला स्टेज तैयार किया जा रहा है। पिछले दो दिनों तक हुई बारिश के कारण आयोजन स्थल पर काफी परेशानी हुई थी, लेकिन मौसम साफ होते ही तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। कारीगर रात में भी स्टेज और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
जयमाला स्टेज के सामने मैदान में रेस्टोरेंट तैयार किया जा रहा है। वहीं, शादी में आने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए खाने के ग्राउंड को भी व्यवस्थित किया गया है। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ जमा हो गया था। इसके बाद ट्रैक्टर से जमीन की जुताई कर उसे समतल किया गया। फिर मैदान में रेत बिछाई गई और कालीन लगाई गई।
घुड़दौड़ ग्राउंड से हेलीपैड तक तैयारियों का जायजा
शादी की तैयारियों पर अनंत सिंह खुद नजर बनाए हुए हैं। वह शाम से ही घुड़दौड़ ग्राउंड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उनके समर्थक और स्थानीय ग्रामीण भी रात में तैयारियों में जुटे रहे। मैदान को पूरी तरह तैयार करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
इसके अलावा अनंत सिंह ने दोपहर में हेलीपैड के लिए निर्धारित मैदान का भी निरीक्षण किया था। शाम से ही यहां हेलीपैड बनाने का काम शुरू कर दिया गया। इसके लिए ईंट और रेत मंगाई गई है। वहीं, खाने के मैदान में मेहमानों की सुविधा के लिए बीच में पाइप बिछाकर नल लगाए गए हैं, ताकि भोजन के बाद हाथ धोने और पानी पीने में किसी को परेशानी न हो। शादी की तारीख नजदीक होने के कारण आयोजन से जुड़े लोग और कारीगर रात-दिन तैयारियों में जुटे हैं। अब सभी की नजरें 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह पर टिकी हैं।








