बिहार: राजगीर महोत्सव का आज से आगाज, 3 दिनों तक सजेगी सुरों और लोकसंस्कृति की महफिल

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर की ऐतिहासिक वादियों में गुरुवार से तीन दिनों तक गीत-संगीत, कला, लोकसंस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 26 से 28 नवंबर तक राजगीर के गेस्ट हाउस मैदान में भव्य राजगीर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और पेयजल सहित तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं।

उद्घाटन समारोह में जुटेंगे कई दिग्गज नेता

गुरुवार शाम पांच बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में बिजेन्द्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक हरिनारायण सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, कौशल किशोर और रुहैल रंजन मौजूद रहेंगे। विधान पार्षद रीना यादव, नीरज कुमार और डॉ. संजीत कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी और राजगीर नगर परिषद की मुख्य पार्षद जीरो देवी भी समारोह में शामिल होंगी।

मो. इरफान और हर्षदीप कौर की आवाज से सजेगी शाम

महोत्सव की पहली शाम पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद बॉलीवुड के मशहूर गायक मो. इरफान और स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दूसरे दिन यानी 27 नवंबर को सूफी और बॉलीवुड गायिका हर्षदीप कौर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, 28 नवंबर को समापन समारोह में चर्चित एमजे-5 डांस ग्रुप और पार्श्व गायिका रिया भट्टाचार्या सहित कई कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।

और पढ़े  बड़ा हादसा: स्कॉर्पियो-ट्रक आमने-सामने टकराए, बिहार में सड़क हादसे में पांच की मौत, मासूम समेत चार गंभीर

 

सात राज्यों के 100 पहलवान दिखाएंगे दमखम

महोत्सव के दूसरे दिन से पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके फाइनल मुकाबले तीसरे दिन होंगे। प्रतियोगिता के संयोजक श्रवण यादव के अनुसार, बिहार के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और झारखंड के करीब 100 महिला और पुरुष पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। बिहार खेल विश्वविद्यालय के प्रशिक्षकों और प्रशिक्षु पहलवानों को भी आमंत्रित किया गया है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले पहलवान को 35 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार और तीसरे स्थान के विजेता को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 11 महिला और 11 पुरुष पहलवानों को पांच-पांच हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए पांच रेफरी सहित 11 सदस्यीय टीम बनाई गई है।

 

महिला महोत्सव और रील प्रतियोगिता भी रहेगी आकर्षण

महोत्सव में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए महिला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। युवाओं को जोड़ने के लिए रील प्रतियोगिता भी होगी। इसके अलावा राजगीर की पुरानी पहचान रही तांगा और पालकी सज्जा प्रतियोगिता के जरिए स्थानीय विरासत और परंपराओं को जीवंत किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि शिक्षा विभाग की देखरेख में पुस्तक मेला, महिला महोत्सव और दंगल प्रतियोगिता का संचालन किया जाएगा।

160 स्टॉल पर दिखेगी देशभर के हस्तशिल्प की झलक

महोत्सव परिसर में ग्रामश्री मेले के लिए चार ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 40 स्टॉल के हिसाब से कुल 160 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। यहां कश्मीरी शॉल, मशरूम, अचार, भदोही के कालीन, सोफा, लहंगा-कुर्ती और स्थानीय कुटीर उद्योगों के उत्पादों की खरीदारी की जा सकेगी। इसके साथ ही कृषि मेला और करीब 25 स्टॉल वाला पुस्तक मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

और पढ़े  बिहार: बेटी की शादी में न रहे कोई कसर इसलिए अनंत सिंह रातभर ग्राउंड में डटे रहे, जयपुर थीम पर सजेगा स्टेज

लिट्टी-चोखा से पिज्जा-बर्गर तक मिलेगा स्वाद

खाने-पीने के शौकीनों के लिए व्यंजन मेले में करीब 40 स्टॉल लगाए गए हैं। यहां बिहार के पारंपरिक लिट्टी-चोखा के साथ मुर्गा-चावल, बिरयानी, छोले-भटूरे, राजमा-चावल, समोसा-चाट, चिल्ली-पराठा, पिज्जा-बर्गर, आइसक्रीम और मिठाइयों का स्वाद मिलेगा।

 

आयोजन स्थल पर स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था के लिए पीएचईडी की ओर से तीन प्रमुख स्थानों पर कुल 30 नल लगाए गए हैं। इसके अलावा परिसर के अलग-अलग हिस्सों में 100 अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं।

  • Related Posts

    बिहार: बेटी की शादी में न रहे कोई कसर इसलिए अनंत सिंह रातभर ग्राउंड में डटे रहे, जयपुर थीम पर सजेगा स्टेज

    मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी में शामिल होने और वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए दूर-दराज से मेहमानों के…

    बिहार: हरजोत कौर बम्हरा बनीं बीपीएससी की नई अध्यक्ष, 29 नवंबर से संभालेंगी जिम्मेदारी

    बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 24 नवंबर 2026 को इस…