झारखंड: रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व जिला अवर निबंधक के आवास पर दोबारा छापेमारी

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की जमीन के फर्जी कागजातों के आधार पर खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) ने अप्राथमिकी अभियुक्त और रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर दोबारा छापेमारी की। घंटों तक चली इस छानबीन के दौरान जांच दल ने अवैध जमीन रजिस्ट्री और सरकारी दस्तावेज में की गई हेराफेरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज जब्त किए।

फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज जब्त
जांच टीम को छापेमारी के दौरान ऐसे साक्ष्य मिले हैं जो सरकारी कागजातों में हेराफेरी के खेल को उजागर करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं। इन जब्त साक्ष्यों के आधार पर आगे के अनुसंधान में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। एसीबी ने आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत बेईमानी से जमीन हथियाने तथा धारा 338 व 336 के तहत धोखाधड़ी के उद्देश्य से जाली दस्तावेज बनाने का मामला दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त जाली कागजातों को असली बताकर जमीन की रजिस्ट्री और म्यूटेशन कराने के आरोप में धारा 340 भी लगाई है।
बीएनएस व भ्रष्टाचार निवारण धाराएं
एसीबी ने इस मामले में आपराधिक साजिश की धारा बीएनएस 61 और अपराध में सहयोग करने पर बीएनएस 49 भी जोड़ी है। सरकारी पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ हासिल करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(क) सहपठित धारा 13(2) के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भ्रष्टाचार में सहयोग करने और बिचौलिए की भूमिका निभाने को लेकर धारा 12 भी शामिल की गई है। जमीन दलालों और अधिकारियों के इस सिंडिकेट ने सुनियोजित ढंग से इस घोटाले को अंजाम दिया। इन कठोर और गैर-जमानती धाराओं में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को लंबी जेल होने के आसार हैं।
रिमांड पर आमने-सामने पूछताछ
एसीबी मुख्यालय में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी रही। विशेष जांच टीम ने सुबह से ही आइएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार को आमने-सामने बिठाकर सवाल-जवाब किए। पूछताछ का मुख्य केंद्र बिंदु रिम्स की अधिग्रहित व सरकारी प्रकृति की जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़, फर्जी डीड तैयार करने की प्रक्रिया, संदिग्ध म्यूटेशन और निबंधन कार्यालय स्तर पर दी गई नियम विरुद्ध स्वीकृतियां थीं। जांच अधिकारियों ने जुटाए सबूत सामने रखकर सिंडिकेट में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका का पता लगाया।
और पढ़े  झारखंड: सेल की ई-जीरो परीक्षा में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, एक दर्जन से अधिक अधिकारी-कर्मचारी रडार पर
  • Related Posts

    झारखंड: पूर्व CM अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, हेमंत सोरेन ने परिवार के प्रति जताई संवेदना

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का सोमवार तड़के देहांत हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स…

    झारखंड में हादसा: पारसनाथ से लौट रही श्रद्धालुओं की बस पलटी, सूरत के पति-पत्नी की मौत, 12 से अधिक घायल

    गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मधुबन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में सूरत निवासी पति-पत्नी…