स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने जूनियर मैनेजर (ई-जीरो)-2026 परीक्षा का परिणाम रद्द करने के बाद दोषी कर्मियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रबंधन ने परीक्षा संचालन को प्रभावित करने वाले एक दर्जन से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी रडार पर लिया है। विजिलेंस जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर कंपनी अब सभी संदिग्धों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई और माइंस या अन्य इकाइयों में तबादले की तैयारी कर रही है।
सेल प्रबंधन ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए बोकारो इस्पात संयंत्र से जुड़े संदिग्ध अधिकारियों और कर्मचारियों की पृष्ठभूमि खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों में बोकारो संयंत्र से जुड़े लोग सबसे आगे हैं। सेल मुख्यालय के लिए चिंता की बात यह है कि जब भी ई-जीरो परीक्षा होती है, गड़बड़ी के मामले बोकारो से ही सामने आते हैं। इसी कारण प्रबंधन ने गहराई से जांच कराने और दोषियों पर कठोर अनुशासनात्मक प्रहार का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सेल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जब तक मामले में शामिल लोगों की पहचान पूरी नहीं हो जाती, तब तक ई-जीरो परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं की जाएगी। प्रबंधन रडार पर आए एक दर्जन से अधिक संदिग्ध अधिकारियों और कर्मचारियों से एक-एक कर स्पष्टीकरण मांग रहा है। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर कंपनी सख्त विभागीय कार्रवाई करेगी और उनका तबादला खदानों या अन्य इकाइयों में करेगी। प्रबंधन भविष्य में परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।






