पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के तीन पर्चे, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
इसी क्रम में, 21 नवंबर को खूंटी के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर जयपुर-कैलौ की ओर से रनिया की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने रास्ते में घेराबंदी की और दो व्यक्तियों को धर दबोचा। उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस तथा पर्चे बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खूंटी के कैलौ गांव निवासी 24 वर्षीय संजू मांझी और 24 वर्षीय अंकुश बागे उर्फ दोन्दो के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों अपराधियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए तपकरा और आनंदपुर थाना कांड में शामिल रहने की बात मानी। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है, वहीं मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।






