तीर्थराज प्रयाग और धर्मनगरी हरिद्वार के बीच श्रद्धालुओं का सफर अब और आसान होने जा रहा है। पहली बार उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें इन दोनों प्रमुख कुंभ नगरियों को आपस में जोड़ेंगी। माघ मेला के दौरान प्रयागराज से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। खास बात यह है कि इसी अवधि में हरिद्वार में कुंभ मेला भी शुरू हो रहा है, ऐसे में दोनों धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रयागराज शहर में तीन नए अंतरजनपदीय बस अड्डे बनाने का निर्णय लिया गया है। इससे यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही शहर को जाममुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने पर भी जोर दिया गया है।
ये अड्डे वाराणसी रोड पर कनिहार, चित्रकूट-रीवा रोड पर लेप्रोसी चौराहे के पास और लखनऊ रोड पर फाफामऊ में बनाए जाएंगे। नगर निगम ने इन स्थानों पर भूमि का चिह्नांकन कर रोडवेज को प्रस्ताव भेजा है। इन बस अड्डों से शहर के विभिन्न हिस्सों तक सिटी बसों की व्यवस्था होगी। ये फैसले शुक्रवार को मंडलायुक्त लोकेश एम की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ऐतिहासिक मालवीय पार्क का नगर निगम की ओर से जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया जाएगा। वन विभाग के समन्वय से इसका नियमित रखरखाव सुनिश्चित होगा। वायु प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों के किनारे से कूड़ा और मिट्टी हटाने का विशेष अभियान चलेगा। प्रथम चरण में राजापुर, नैनी और रामबाग में तीन लेबर अड्डे विकसित किए जा रहे हैं। राजापुर लेबर अड्डे का शुभारंभ नवंबर माह के अंत तक किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त साई तेजा और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज भी मौजूद रहे।







