मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य की उपलब्धियां उनके सामने रखीं। इसके साथ ही उन्होंने कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं में सहयोग और दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे के निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय के प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक संस्थान की स्थापना ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में करने का अनुरोध किया। इसके अलावा कुंभ मेले के लिए 500 करोड़ रुपये, पूंजीगत निवेश हेतु राज्यों को विशेष सहायता के तहत 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने, स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने, चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एटीसी टावर की व्यवस्था व चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया। कहा, 1200 करोड़ की देहरादून रिंग रोड परियोजना के अलाइनमेंट का अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन व वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग, ऊर्जा, जल विद्युत एवं पेयजल परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थानों के विकास और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिल रहा है।








