मुख्यमंत्री धामी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वेडिंग डेस्टीनेशन, शीतकालीन और आध्यात्मिक पर्यटन के विजन को धरातल पर उतारने के लिए सरकार काम कर रही है। नए वेडिंग डेस्टीनेशन के साथ तीन आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्र चिह्नित किए गए। इसके अलावा गढ़वाल मंडल विकास निगम व कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृहों में श्रद्धालुओं को 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
वोकल फॉर लोकल व लोकल टू ग्लोबल की दिशा में राज्य सरकार काम रही है। आईटीबीपी के साथ एमओयू के माध्यम से 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस एवं 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ब्रांड के 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन व केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कार्य कर रही है।
पीएम को भेंट किए स्थानीय उत्पाद
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत एवं स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा व लाल चावल थे। इनके अलावा हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता व आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।








