उत्तराखंड में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को जुर्माने के साथ समाजसेवा (पौधरोपण, स्वच्छता अभियान में शामिल होना, पुलिस के साथ यातायात नियंत्रण में सहयोग) भी करना पड़ सकता है। परिवहन विभाग इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए एक वर्ष से प्रयासरत है। अब इसमें कुछ तेजी आई है।
अभी यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस और परिवहन विभाग की टीम चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई करती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पुलिस ने 45,645 और परिवहन विभाग ने 6,018 वाहनों को सीज किया। इसके अलावा पुलिस ने 17,88,068 और परिवहन विभाग ने 4,49,226 वाहनों का चालान किया। इसके साथ ही परिवहन विभाग नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का लाइसेंस निलंबित और निरस्त करने की कार्रवाई भी करती है।








