बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने काम पर लौट आए हैं। पिछले महीने डॉक्टरों की सलाह पर आराम करने के लिए उन्होंने काम और सोशल मीडिया से कुछ समय का ब्रेक लिया था। इस दौरान उनकी सेहत को लेकर फैंस के बीच चिंता भी देखने को मिली।
दरअसल, सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर केबीसी 18 का नया प्रोमो शेयर किया है। इस वीडियो में अमिताभ बच्चन एक बार फिर शो के मंच पर होस्ट की कुर्सी संभालते दिखाई दे रहे हैं। प्रोमो की शुरुआत में वह सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हैं। साथ ही अपने घर पर परिवार के साथ त्योहार मनाने की झलक भी शेयर करते हैं।
बिग बी कहते हैं, ‘उम्मीद है कि आप सबकी दिवाली बड़ी ही शानदार रही होगी। हमने भी अपनों के साथ दिवाली मनाई, लेकिन… और एक और घर भी तो है। केबीसी का यह मंच।’ इसके बाद वह शो को अपना दूसरा परिवार बताते हैं।
प्रोमो में हॉट सीट पर बैठे एक कंटेस्टेंट अमिताभ बच्चन से उनकी तबीयत के बारे में पूछते हैं। इस पर बिग बी अपने चिर-परिचित अंदाज में पहले कंटेस्टेंट का हालचाल पूछते हैं। जब कंटेस्टेंट बताता है कि वह ठीक है, तो अमिताभ मुस्कुराते हुए कहते हैं, ‘अगर आप ठीक हैं, तो हम भी ठीक हैं।’
इसके बाद अमिताभ बच्चन अपनी सेहत के लिए दुआ करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हैं। वह कहते हैं, ‘आप सबके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से हम यहां पर फिर से हाजिर हैं। उसी जोश, उसी मुस्कान और बिल्कुल नए एपिसोड के साथ।’
बता दें कि अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने की खबरों के बाद ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग कुछ समय के लिए रोक दी गई थी। इस दौरान टीवी पर शो के पुराने एपिसोड दोबारा प्रसारित किए जा रहे थे।
हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, बिग बी का यह ब्रेक किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की वजह से नहीं, बल्कि एहतियात के तौर पर लिया गया था। उन्हें मामूली परेशानी थी और पूरी तरह ठीक होने के लिए आराम करने की सलाह दी गई थी।







