वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में जमीन बेचने के विवाद में एक ही परिवार के चार लोगों ने जहर खा लिया। इस घटना में सास, बहू और पोते की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय पोती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान निर्मला देवी (55), उनकी बहू सीमा देवी (35) और पोते मुन्ना कुमार (12) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से बीमार पोती ऋषिका (15) का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि निर्मला देवी का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। गुरुवार को भी वह जमीन बेचकर कहीं चला गया था। जमीन बेचने की इसी बात से परिवार के सदस्य आहत थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते चारों ने जहर खाया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद गोरौल थाने की पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरौल थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







