हिमाचल: रूस में फंसे मंडी के तीन युवक, वर्क वीजा के नाम पर 10.50 लाख की ठगी, 3 महीने बाद नौकरी से निकाले

विदेश में नौकरी और मोटी कमाई का सपना लेकर रूस गए मंडी जिले के तीन युवाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुंदरनगर की जड़ोल पंचायत के त्रिहंवी गांव निवासी हुस्न लाल व मान सिंह और सलवाना के बह गांव निवासी कमल को वर्क वीजा के बजाय विजिटर वीजा पर रूस भेज दिया गया।

इसके एवज में प्रति युवक से करीब साढ़े तीन-तीन लाख रुपये की मोटी रकम वसूली गई थी। पीड़ित हुस्न लाल के पिता रमेश कुमार ने बताया कि युवाओं को शुरुआती तीन महीने काम मिला लेकिन उसके बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
विदेश में अचानक काम छूटने से युवाओं के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट पैदा हो गया। जब परिजनों को इस ठगी और स्थिति का पता चला तो उन्होंने स्थानीय बिचौलिये पर दबाव बनाया। कड़ी मशक्कत के बाद बिचौलिये ने तीनों की वापसी के लिए हवाई टिकट का प्रबंध किया है। सब ठीक रहा तो दो दिन में तीनों युवाओं की स्वदेश वापसी प्रस्तावित है। पूर्व वार्ड सदस्य रवि ठाकुर ने बताया कि इस घटना से तीनों परिवार बेहद चिंतित हैं।
पिता रमेश कुमार के अनुसार बेटे के घर लौटने और आपबीती सुनने के बाद ही पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विदेश में नौकरी के नाम पर मानव तस्करी करने वालों पर कसेगा शिकंजा
विदेश में मोटी कमाई और आकर्षक नौकरी का लालच देकर युवाओं को मानव तस्करी और साइबर अपराध के जाल में फंसाने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध प्लेसमेंट एजेंसियों, फर्जी एजेंटों और अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की तैयारी है।राज्य पुलिस, साइबर प्रकोष्ठ, श्रम विभाग और जिला प्रशासन मिलकर ऐसे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करेंगे। गृह मंत्रालय ने चेताया है कि संगठित गिरोह विदेश में ऊंचे वेतन वाली नौकरियों का झांसा देकर युवाओं को दूसरे देशों में ले जाते हैं।  वहां उन्हें बंधक बनाकर जबरन अवैध साइबर धोखाधड़ी केंद्रों में काम करने के लिए मजबूर किया जाता है। ऐसे केंद्रों में युवाओं से ऑनलाइन ठगी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां करवाई जाती हैं। कई मामलों में नौकरी की तलाश में विदेश जाने वाले युवा अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क का शिकार बन जाते हैं।खतरे को देखते हुए हिमाचल में युवाओं को ऐसे गिरोहों से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स से वैध लाइसेंस लिए बिना संचालित हो रही प्लेसमेंट एजेंसियों की पहचान की जाएगी। बिना पंजीकरण विदेश में नौकरी दिलाने का दावा करने वाली एजेंसियों और उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में मानव तस्करी से जुड़ी गंभीर कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किए जाएंगे।

और पढ़े  गुवाहाटी में 5 हत्याओं के आरोपी का एनकाउंटर,अस्पताल में तोड़ा दम
  • Related Posts

    मुश्किलों में जेन्सेन हुआंग: एक दिन में 69.5 हजार करोड़ रुपये घटी दौलत, एनवीडिया के शेयरधारकों ने किया मुकदमा

    एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग की संपत्ति में एक ही दिन में 7.4 अरब डॉलर (69.5 हजार करोड़ रुपये) की गिरावट आई है। कंपनी के शेयरों में दबाव के बीच…

    राजस्थान का मौसम: नवंबर में क्यों पड़ रही इतनी गर्मी? बाड़मेर में पारा 38 डिग्री पार, जानिए बाकी शहरों के हाल

    राजस्थान में नवंबर के महीने में भी गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से दो से पांच…