Views: 18,579
देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर हुए हादसे ने सबको झकझोर दिया। कंटेनर के नीचे कार दबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, चालक की भी जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतक विश्वेश कपूर के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को देखने के लिए देहरादून आ रहे थे।

इस दौरान प्लास्टिक दाने से भरा एक कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही बगल में चल रही उनकी आई-20 कार के ऊपर पलट गया। कार कंटेनर के नीचे दब गई। उन्हें क्या पता था कि जहां वो परिवार में खुशियां मनाने जा रहे हैं उनकी ये खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल जाएंगी।
ऐसे हुआ हादसा
मोहब्बेवाला चौक पर सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार के बराबर से प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों कि रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद अचानक कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े लेकिन कार कंटेनर के नीचे दबी हुई थी। इस कारण लोग किसी को नहीं निकाल पाए।

कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कंटेनर के नीचे दबी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सबसे पहले हाइड्रा के सहारे कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की गई। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार में सवार चार अन्य लोगों को निकालकर दो एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विश्वेश कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) निवासी गोकुल धाम कॉलोनी, सहारनपुर और कार चालक नीरज निवसी सहारनपुर के रूप में हुई है। हादसे में छह वर्षीय बेटा माहेर घायल हुआ है।
सबसे पहले बच्चे को निकाला तो जगी बचने की उम्मीद
पुलिस और फायर की टीम ने कार के ऊपर से कंटेनर को हटाने के बाद कार की छत काटकर सबसे पहले बच्चे को बाहर निकाला तो वह मामूली रूप से ही घायल था। करीब 20 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे के सुरक्षित बचने पर लोगों ने ताली बजाकर पुलिस के प्रयासों की सराहना की। इसी के साथ उम्मीद जग गई कि बाकी लोग भी सुरक्षित होंगे लेकिन एक के बाद एक चार अन्य लोग बुरी तरह घायल अवस्था में निकाले गए। दो एंबुलेंस से उन्हें कोरोनेशन भेजा गया वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बाल-बाल बचा लोडर
जिस जगह पर कंटेनर कार के ऊपर पलटा वहां ट्रक के ठीक पीछे टायर से लदा एक और लोडर वाहन चल रहा था। हादसा होते ही लोडर के चालक ने ब्रेक मारकर किसी तरह उसे कंटेनर से टकराने से बचाया। बाद में पुलिस ने यातायात सुचारु करने के लिए इस वाहन को हटाने की कोशिश की तो ये भी स्टार्ट नहीं हुआ। आखिरकार उसे धक्का देकर सड़क से किनारे लगाया गया।