केदारनाथ धाम में रात्रि एवं तड़के दोबारा बर्फबारी होने से पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां और चारों ओर फैली सफेदी धाम के प्राकृतिक सौन्दर्य को और भी मनमोहक बना रही है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं में बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वर्ष 2026 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अन्तिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 11 नवम्बर 2026 को धाम के कपाट शीतकाल के लिए बन्द होने जा रहे हैं। इस वर्ष अब तक कुल 18,80,398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का क्रम जारी है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने किए इंतजाम
केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। यहां चिकित्सा सुविधाओं, अलाव और अन्य जरूरी सेवाओं का इंतजाम किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके।






