भारतीय सशस्त्र बलों में अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि जल्द ही अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल में दो साल की बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते हैं। इस प्रस्ताव के तहत अग्निवीरों को चार साल के निर्धारित कार्यकाल के बजाय कुल छह साल तक सेवा देने का अवसर मिल सकता है।
तीनों सेनाओं ने अग्निवीरों के प्रदर्शन पर जताई संतुष्टि
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, थल सेना, वायुसेना और नौसेना तीनों ने अलग-अलग जिम्मेदारियों में अग्निवीरों के प्रदर्शन पर संतुष्टि जताई है। इससे पहले भी अधिकारियों की ओर से संकेत दिए गए थे कि भविष्य में अग्निपथ योजना में बदलाव किया जा सकता है। खासतौर पर तकनीकी और विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षित अग्निवीरों को अधिक संख्या में सेवा में बनाए रखने पर विचार किया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में थल सेना में लगभग 2.70 लाख, वायुसेना में 27 हजार और नौसेना में करीब 21 हजार अग्निवीर कार्यरत हैं।





