उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से अधिकांश के नतीजे आ गए हैं। भाजपा के हिस्से अधिक सीटें आई हैं। सपा ने कई सीटों पर भाजपा को टक्कर दी है।
जागते रहें, सवेरा अपना होगा: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह पोस्ट किया कि “जो न डरे आज के जुल्मों के हालात से सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें। हम वाराणसी शहर के अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वो मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें और हौसलों के गीत गाकर जागते रहें… सवेरा अपना होगा। सड़क पर लिखी वो चेतावनी याद रखें : नज़र हटी, दुर्घटना घटी!”
री-काउंटिग भाजपा राज का काउंट डाउन बन जाएगी
एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- सुना है वाराणसी में लोग री-काउंटिंग की ख़बर सुनकर ‘गंगाजल’ लेकर मतगणना केंद्र पहुंच रहे हैं, जिससे अधिकारियों से गंगाजल हाथ में उठवाकर उनकी सत्यनिष्ठा की जल-परीक्षा की जा सके। एक पोस्ट में अखिलेश ने लिखा कि री-काउंटिग भाजपा राज का काउंट डाउन बन जाएगी।
कांति सिंह का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
लखनऊ ग्रेजुएट्स एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जीत हासिल करने के बाद, समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार कांति सिंह का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे टिकट दिया। मैंने 17,000 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है…”
वाराणसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा की मजबूत बढ़त बरकरार
वाराणसी में स्नातक एमएलसी सीट की मतगणना में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बुधवार को पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी। छठे राउंड की मतगणना तक उन्हें 35086 वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 23253 वोट मिल सके थे। सपा प्रत्याशी की बढ़त 11833 वोटों की हो गई थी।
लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा का कब्जा
लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार मतदाताओं ने सत्ता का समीकरण बदल दिया। पिछले चुनाव में भाजपा के खाते में गई सीट समाजवादी पार्टी ने उससे छीन ली। सपा प्रत्याशी कांति सिंह ने भाजपा के अवनीश कुमार सिंह को 17127 मतों के अंतर से हराकर जीत ली। सपा की कांति सिंह को 56905 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी इं. अवनीश कुमार सिंह को 39778 मत प्राप्त हुए। इसी के साथ लंबे समय तक निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रभाव वाली इस सीट पर अब सपा का कब्जा हो गया है।
मतगणना के शुरुआती रुझान से ही कांति सिंह आगे रहीं। आठवें चक्र तक कांति सिंह 14,855 मतों से आगे थीं। उन्हें 51,168 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 36,313 मत प्राप्त हुए थे। नौवें अंतिम चक्र में कांति सिंह की जीत का अंतर 17127 मत हो गया। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने उनकी जीत की घोषणा की। खबर फैलते ही सपा कार्यकर्ता उत्साह से भर गए। मतगणना स्थल के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए खुशी का इजहार किया। नौ हजार से अधिक मत प्राप्त कर निर्दलीय प्रत्याशी विजय कुमार बंधु तीसरे और 16 सौ से अधिक मत प्राप्त कर कांती देवी चौथे स्थान पर रहीं।







