मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश में जिस तरह के हालात बनाए गए, वे लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसका पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार किया: सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी हताशा दिखा रहे हैं और नेता प्रतिपक्ष के पद की मर्यादा का ध्यान नहीं रख रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी एक दल की जीत की गारंटी नहीं है। धामी ने बताया कि अभियान के तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर में बड़े स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी। दो नवंबर को देहरादून में विशाल पदयात्रा होगी, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। तीन नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रदेश के सभी 13 जिलों में पदयात्राएं होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से गढ़े जा रहे झूठे नैरेटिव की हकीकत जनता को बताई जाएगी। वोट हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरा तीन जगह से वोट हटाया गया। आज खटीमा में है। शुद्धिकरण किया गया। इसमें क्या बुराई है।
पदयात्रा का उद्देश्य जनता के बीच फैलाए जा रहे झूठ को उजागर करना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा की पदयात्रा का उद्देश्य जनता के बीच फैलाए जा रहे झूठ को लेकर लोगों को जागरूक करना है। रेखा आर्या प्रकरण पर उन्होंने कहा कि दोनों 22 साल से साथ रह रहे हैं। आज तक आरोप क्यों नहीं लगाए गए? उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। जांच किसी के राजनीतिक फायदे की मंशा से नहीं होनी चाहिए। ये संवेदनशील मामले हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। कोई भी गुनहगार बचना नहीं चाहिए।
सीएम करेंगे दलेर मेहंदी से बात
दलेर मेहंदी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मिक्का और दलेर भाई से बात करेंगे।








