हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल बैठक में विभिन्न विभागों में हजारों पदों को भरने की मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चाैहान ने दी। मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों में करीब 14,000 पदों को भरने की मंजूरी दी है। हर्षवर्धन ने कहा कि आने वाले मार्च तक इन पदों को भर लिया जाएगा। अभी तक हिमाचल सरकार ने करीब 32 हजार नाैकरियां दी हैं। 18 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। आज 14 हजार पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। इस तरह इस साल के अंत तक 50 हजार पदों को भरने का सरकार का लक्ष्य है। बैठक में करीब 200 एजेंडों पर चर्चा हुई और मंजूरी दी गई।
रितु नेगी को भी मिलेगा एक करोड़
मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों में मेडल जीतने वाली भारतीय टीमों के लिए नकद पुरस्कार से जुड़े नियमों में बदलाव करने का फैसला किया। बदले हुए नियमों के तहत नकद पुरस्कार को हिमाचल के उन सभी योग्य खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटा जा सकता है जो मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा हैं। हर खिलाड़ी को व्यक्तिगत मेडल विजेता के लिए तय रकम के बराबर राशि मिलेगी। या फिर पुरस्कार को आनुपातिक रूप से भी बांटा जा सकता है, लेकिन इसमें व्यक्तिगत मेडल विजेता के लिए तय नकद पुरस्कार का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा मिलना पक्का होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वालों के लिए जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी के पद सृजित को भी मंजूरी दी। इसके तहत अब एशियन गेम्स में महिला कबड्डी में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली रितु नेगी सहित चारों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
सीबीएसई स्कूल शिक्षकों के 3900 पद भरे जाएंगे, स्टाफ नर्स के 500 पद मंजूर
मंत्रिमंडल बैठक में वन रक्षक के 500 पदों को मंजूरी दी। साथ ही सीबीएसई के साथ 100 और स्कूलों को जोड़ने का फैसला किया गया, जिसके लिए एक नई योजना तैयार की जाएगी। इन स्कूलों के लिए, नई योजना आधारित भर्ती के तहत 3900 शिक्षक और 900 गैर शिक्षण पद भरने की भी मंजूरी दी गई। शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज काडर) के 320 पदों को बैकलॉग कोटे के तहत भरने का निर्णय लिया गया। वनखंडी जूलॉजिकल पार्क के लिए 57 पद भरे जाएंगे। 40 पद रेडियोग्राफर के मंजूरी किए गए हैं। स्टाफ नर्स के 500 पद मंजूर किए हैं। 40 पद विशेषज्ञ डॉक्टरों के मेडिकल काॅलेज भरे जाएंगे। 10 पद कर एवं राज्य आबकारी में जूनियर सेक्शन अधिकारी के भरे जाएंगे। बागवानी विस्तार अधिकारी के 40 पद और सीनियर असिस्टेंट के पांच पद भरने को मंजूरी दी। 10 पद बागवानी अधिकारियों के मंजूर किए गए हैं। मंत्रिमंडल ने करूणामूलक आधार पर नाैकरी के मामलों को भी मंजूरी दी।
न्यूट्रिशन पॉलिसी 2026 को भी मंजूरी दी
मंत्रिमंडल ने दो स्वतंत्र सुपर स्पेशियलिटी विभाग- क्रिटिकल केयर मेडिसिन और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी स्थापित करने को मंजूरी दी गई। साथ ही, जरूरी पद सृजित कर ब्लड ट्रांसफ्यूजन, एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी जैसे सहायक विभागों को स्थापित और मजबूत करने का भी फैसला हुआ। चंबा में बीएससी नर्सिंग की 60 सीटों वाला सरकारी नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने का फैसला किया गया। ऊना जिले के पंजोआ में पीएचसी खोलने और इसके लिए जरूरी पद बनाने व भरने को मंजूरी दी। कैबिनेट ने ऊना जिले में पीर निगाह मंदिर का प्रबंधन अपने हाथ में लेने का फैसला किया। न्यूट्रिशन पॉलिसी 2026 को भी मंजूरी दी।







