रुड़की- शुरू हुई अग्निवीर भर्ती: उत्साह के साथ दौड़े युवा, रोजाना 1 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल

बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में सोमवार से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। युवाओं के लिए आयोजित भर्ती में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। पहले दिन सेना के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू कराई। युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

5 से 23 अक्तूबर तक रुड़की में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन पवेलियन ग्राउंड में आयोजित दौड़ को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभ्यर्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर दौड़ कराई गई। एक समूह में करीब 50 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। दौड़ पूरी करने में लगे समय के आधार पर अभ्यर्थियों का आकलन किया गया। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण भी कराए गए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रतिदिन करीब एक हजार से अधिक युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से ठहरने, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं की हैं। आवागमन के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी है। उन्होंने बताया कि युवाओं को कम दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया गया है।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेना अधिकारियों ने विभिन्न टीमों का गठन किया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने युवाओं से अनुशासन और पूरे उत्साह के साथ भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी कारण सफलता नहीं मिलने पर युवा निराश न हो। अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करें और आगे की तैयारियों में जुट जाएं।

और पढ़े  नैनीताल में टैक्सी चालकों की मनमानी: 50 के बजाय 200-300 रुपये वसूले, 3 वाहन कब्जे में, चालानी कार्रवाई

विभिन्न प्रदेशों से उत्साह के साथ भर्ती में पहुंच रहे युवा
अभ्यर्थियों ने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद उन्हें मैदान में प्रवेश की बात कही गई थी। सुबह से ही बस, ट्रेन और निजी वाहनों से अभ्यर्थी रुड़की पहुंच गए जहां एसडीएम चौक के पास उनके विश्राम के लिए शासन-प्रशासन की ओर से लगाए गए टेंट में वो आराम करते नजर आए। अभ्यर्थियों ने बताया कि वह हिमाचल, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश आदि से यहां भर्ती में शामिल होने के लिए आए हैं। यहां आकर उन्हें पता चला कि दो बजे के बाद मैदान में उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। इस बीच वह अपनी थकान दूर करने के लिए टेंट में बैठ रहे हैं। इस दौरान भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।

  • Related Posts

    चमोली: ज्योतिर्मठ में 21 असुरक्षित सरकारी भवन होंगे ध्वस्त, भू-धंसाव से प्रभावित होने पर प्रशासन ने लिया फैसला

    भू-धंसाव से प्रभावित ज्योतिर्मठ नगर में असुरक्षित घोषित 21 सरकारी भवनों को जल्द ध्वस्त किया जाएगा। जर्जर और रहने योग्य नहीं होने के कारण प्रशासन ने इन भवनों को हटाने…

    देहरादून: बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल बड़ी मुसीबत में फंसे, 3 साथियों के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार

    देहरादून नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं। अनुराग और उनके कुछ साथियों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की…