गुस्से में गजराज: थार पर किया हमला, तीन बार पलटने की कोशिश की, बाल-बाल बचे सवार

श्यामपुर रेंज और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही से दहशत का माहौल बना हुआ है। बीते दिनों नीलेश्वर मंदिर में तोड़फोड़ और पुजारी पर हमले के प्रयास के बाद सोमवार को हरिद्वार नजीबाबाद हाईवे पर एक बार फिर हाथी का रौद्र रूप देखने को मिला। यहां सड़क पर जाम में फंसी एक थार पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने थार को सूंड से तीन बार पलटने की कोशिश की, जिससे उसमें सवार लोगों की सांसें अटक गईं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक हाथी जंगल से निकलकर गंगा की ओर बढ़ रहा था। हाथी के सड़क पर पहुंचने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान जाम में फंसी थार में सवार एक युवक हाथी की तस्वीरें लेने लगा।

तस्वीर खींचते ही भड़का हाथी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक को तस्वीर खींचते देख हाथी अचानक आक्रामक हो गया। वह तेजी से थार की ओर बढ़ा और अपनी सूंड से वाहन पर जोरदार हमला कर दिया। गुस्साए हाथी ने जीप को तीन बार पलटने का प्रयास किया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी-भरकम जीप काफी ऊपर तक उठ गई।

हाथी के इस आक्रामक रुख से जीप में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने एकजुट होकर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर हाथी कुछ शांत हुआ और सड़क पार कर दूसरी ओर चला गया। इस तरह लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा और सड़क पर बाधित यातायात को सुचारू कराया।

श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि यह क्षेत्र सघन जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे में यहां हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सक्रियता बनी रहती है। हाथियों को आबादी वाले इलाकों और मुख्य मार्गों की ओर आने से रोकने के लिए वन विभाग की अलग-अलग टीमें गठित कर तैनात की गई हैं। ये टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं।

और पढ़े  उत्तराखंड: वोट काटने पर भड़के पूर्व विधायक मनोज रावत, निर्वाचन आयोग पर जड़े आरोप, कहा- कोर्ट जाएगी कांग्रेस

वन विभाग ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वन्यजीवों को देखकर उनके करीब जाने का प्रयास न करें। वाहन रोककर या उससे उतरकर हाथियों की तस्वीरें और वीडियो बनाने से बचें। वन्यजीव कभी भी आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए उनकी गतिविधियों में हस्तक्षेप न करते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

  • Related Posts

    देहरादून: 8 और 9 अक्तूबर को आयोजित होगा नाबार्ड का सेब महोत्सव 3.0, उत्पादकों को मिलेगा विपणन मंच

    राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से आठ और नौ अक्तूबर को आईटी पार्क स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में सेब महोत्सव 3.0 का आयोजन होगा। महोत्सव का…

    देहरादून- ट्रिपल मर्डर: रिटायर्ड दंपती व नौकरानी की बेरहमी से हत्या, प्लंबर ने पेचकस से किए वार, किया गिरफ्तार

    देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े प्लंबर राजकुमार ने पैसों के लेनदेन पर हुए विवाद में बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची घरेलू सहायक…