पीएनबी घोटाला: नीरव मोदी का करीबी संदीप मिस्त्री गिरफ्तार, प्रत्यर्पण के बाद यूएई से लाया गया भारत, पहुंचा जेल

पंजाब नेशनल बैंक घोटाला मामले में भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी के सहयोगी संदीप मिस्त्री को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पण के बाद मंगलवार को मुंबई में मिस्त्री को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

मिस्त्री को सोमवार को यूएई से भारत लाया गया था। मंगलवार को सीबीआई ने उसे गिरफ्तार करने के बाद विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया। एजेंसी ने उसकी हिरासत की मांग नहीं की। इसके बाद अदालत ने मिस्त्री को 6 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घोटाले की साजिश में कितना शामिल था संदीप मिस्त्री?
यह गिरफ्तारी नवंबर 2025 में विशेष अदालत की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में की गई है। संदीप मिस्त्री नीरव मोदी की हांगकांग स्थित कंपनी फैंसी क्रिएशंस लिमिटेड में निदेशक रह चुका है। सीबीआई का आरोप है कि मिस्त्री ने नीरव मोदी और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इसी साजिश के तहत पंजाब नेशनल बैंक को करीब 6,498.20 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले के भारत में दर्ज होने के बाद मिस्त्री ने नीरव मोदी के भाई नेहल और एक अन्य वांछित आरोपी के साथ मिलकर दुबई में नीरव मोदी से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों के डमी निदेशकों को धमकाया था।

13 हजार करोड़ से ज्यादा का पीएनबी घोटाला
जांच एजेंसी के अनुसार, इन कर्मचारियों को गिरफ्तारी के डर से दुबई छोड़कर काहिरा जाने के लिए मजबूर किया गया था। सीबीआई ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए अपने मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिए थे। नीरव मोदी, उसके मामा मेहुल चोकसी और अन्य आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जांच कर रहा है। इन मामलों की सीबीआई भी जांच कर रही है।

आरोप है कि नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और अन्य लोगों ने बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक (13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा) का बैंक घोटाला किया। जांच एजेंसियों के अनुसार, मुंबई स्थित पीएनबी की ब्रैडी हाउस शाखा से फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग यानी एलओयू जारी कराकर कथित तौर पर यह धोखाधड़ी की गई थी।
और पढ़े  हरियाणा बैंक घोटाला: नंबर बदला और ई-मेल में किया खेल...187 करोड़ निकल गए, अफसरों तक नहीं पहुंचा कोई अलर्ट
  • Related Posts

    एफबीआई के हजारों कर्मियों का निजी डाटा चोरी: एजेंटों की सुरक्षा पर भी मंडराया खतरा

    अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के हजारों मौजूदा व पूर्व कर्मियों का संवेदनशील निजी डाटा चोरी होना अमेरिकी इतिहास में सबसे गंभीर डाटा चोरी है। साइबर अपराधी समूह शाइनीहंटर्स ने इसे…

    SIR-यूजीसी बन सकते हैं सिरदर्द: नवीन बोले- सीएम योगी को पीएम मोदी का पूरा आशीर्वाद, दूरी की खबरें भ्रामक

    एसआईआर, चंदा चोरी और यूजीसी  के नए नियम आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की मुश्किल बढ़ा सकते हैं। यह आशंका किसी विपक्षी दल ने नहीं, बल्कि भाजपा के अपने नवनियुक्त…