देवकाली इलाके में दुर्गा प्रतिमा बना रहा मूर्तिकार उत्तम पाल एडवांस रुपए लेकर अचानक अपनी टीम के साथ फरार। मूर्तिकार के फरार होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्र और अन्य जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं का ऑर्डर था। समितियों के लोगों ने प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए मूर्तिकार को एडवांस रकम भी दे रखी थी।प्रतिमाएं तैयार करने के लिए लगाए गए बांस का भी करीब 2 लाख रुपये का भुगतान बकाया बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2 बजे के बाद उत्तम पाल अपनी टीम के साथ मौके से जाता हुआ दिखाई दिया। मूर्तिकार के फरार होने के बाद मौके पर तैयार की जा रही सभी दुर्गा प्रतिमाएं आधी-अधूरी रह गई हैं।
प्रतिमाओं के समय पर तैयार न होने की आशंका से दुर्गा पूजा समितियों के लोग परेशान हैं और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







