हरिद्वार जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है। पहले फोन कर जेल में बंद महिला से मुलाकात को लेकर बातचीत की और बाद में व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे। पुलिस ने जेल में निरुद्ध महिला बंदी के पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक टीम उसकी तलाश में लगाई गई है।
जेल अधीक्षक ने कारागार में निरुद्ध विचाराधीन महिला बंदी शीला से पूछताछ की और उसे फोन पर हुई बातचीत सुनाई। महिला ने आवाज की पहचान करते हुए बताया कि धमकी देने वाला उसका पति हिमांशु चड्ढा निवासी लुधियाना हाल ऋषिकेश है और उससे मिलने के लिए जेल आता रहता है। जेल प्रशासन ने ई-प्रिजन रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि हिमांशु चड्ढा पूर्व में जेल में निरुद्ध रह चुका है। रिकॉर्ड के मुताबिक जिला कारागार देहरादून में 12 अक्तूबर 2017 से 1 दिसंबर 2019 तक निरुद्ध रहा था। इसके बाद उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज स्थानांतरित किया गया, जहां से 13 दिसंबर 2022 को रिहा हुआ था। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में टीमें जुटी हैं।
इसलिए फोन पर दी धमकी
– जेल प्रशासन के मुताबिक, दुष्कर्म-पोक्सो, अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में शीला निवासी हरिपुर कलां थाना रायवाला जेल में बंद है। आरोप है कि शीला ने डिप्टी जेलर से अभद्रता कर दी थी। इसके बाद जेल अधीक्षक ने उसे समझाते हुए हिदायत दी थी। हाल ही में हिमांशु चड्ढा उससे मिलने जेल में आया था। माना जा रहा है कि तभी उसने इस बारे में पति को बताया होगा। इसके बाद उसने धमकी दी।








