ग्रामीण बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में रुदौली विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। विधायक रामचंद्र यादव ने बुधवार को गनौली, शाहपुर, बारी, पटरंगा और पचलो में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। चारों केंद्रों के निर्माण पर कुल लगभग 60 लाख रुपये की लागत आई है।गनौली, शाहपुर,पटरंगा और बारी में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण 11.84 लाख रुपये की लागत से हुआ है,जबकि पचलो में भी 11.84 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन तैयार कराया गया है। इन भवनों के शुरू होने से संबंधित गांवों के बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं अन्य आंगनबाड़ी सेवाओं के लिए बेहतर और सुरक्षित परिसर उपलब्ध होगा।लोकार्पण के दौरान विधायक राम चंद्र यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता, एडीओ (आरडी) भगवानदीन, एडीओ (एसके) रविश कुमार मिश्रा, एडीओ पंचायत उमेश कुमार यादव, संबंधित सचिव करुणा शंकर, प्रियंका सिंह व संगीत पासवान, ग्राम प्रधान इस्तखार अहमद, पूर्व ग्राम प्रधान राम लखन रावत, गन्ना समिति अध्यक्ष निर्मल शर्मा, भाजपा जिला मंत्री तेज तिवारी, गन्ना समिति डायरेक्टर श्रीराम प्रसाद यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, मंडल महामंत्री अखिलेश कुमार रावत सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और ग्रामीण मौजूद रहे।







