दिल्ली से केरल जा रही मंगला एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन में सफर कर रहे करीब 30 स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिला प्रशासन को जानकारी मिलते ही आनन-फानन में ट्रेन को खंडवा स्टेशन पर रोककर सभी बच्चों का इलाज कराया गया।
पैंट्री के खाने से बिगड़ी तबीयत
घटना की जानकारी देते हुए खंडवा सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि बच्चों ने दोपहर में ट्रेन की पैंट्री कार से भोजन किया था। करीब चार घंटे बाद उन्हें दिक्कत शुरू हुई। आशंका है कि उसी भोजन से हुई फूड पॉइजनिंग की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी थी।सभी बच्चों को उल्टी-दस्त की दवाएं और ओआरएस के पैकेट दिए गए हैं। दो बार जांच के बाद सभी बच्चों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
सीएमएचओ डॉ. जुगतावत के अनुसार, बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए एहतियात के तौर पर रेलवे के डॉक्टरों की एक टीम बच्चों के साथ ट्रेन में सवार होकर भुसावल स्टेशन तक के लिए भी गई है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर पहुंचे एसडीएम ऋषि सिंघाई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सीएसपी अभिनव बारंगे, सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, सभी बच्चों की जांच कर ट्रेन को अगले स्टेशन के लिए रवाना कराया गया है।








