बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: आरोपी प्रमोद नौटियाल पर कसा शिकंजा, कल से 4 दिन पुलिस रिमांड में रहेगा

बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के मामले में पुलिस को मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की चार दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। इससे पहले पुलिस की ओर से रिमांड के लिए किए गए तीन आवेदन अदालत ने खारिज कर दिए थे।

न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ हिना कौसर की अदालत में पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ, साक्ष्यों के सत्यापन और संभावित बरामदगी के लिए कस्टडी रिमांड की अनुमति मांगी थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर 28 से 31 जुलाई तक की अनुमति दे दी है। पुलिस मंगलवार को आरोपी को पूछताछ के लिए बदरीनाथ थाना या देहरादून ले जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी और चढ़ावे की रकम व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।

अब तक की जांच में पुलिस केवल शालिग्राम की एक मूर्ति ही बरामद की जा सकी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कथित तौर पर नोटों की गड्डियां ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन फुटेज के आधार पर आरोपी से पूछताछ को आगे बढ़ाया जाएगा और मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जाएगी।

गणना कक्ष की निगरानी बढाई

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण के बाद चढ़ावा गणना व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने गणना कक्ष में व्यापक बदलाव किए हैं।

गणना कक्ष में मंदिर परिसर की ओर शीशे की दीवार बनाई गई है, जबकि ऊपरी हिस्से में करीब तीन फीट ऊंची मजबूत जाली लगाई गई है। पूरे कक्ष में पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे चढ़ावे की गणना के दौरान होने वाली हर गतिविधि की निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित हो सके।

और पढ़े  रुद्रपुर: सिरौली कलां में अवैध पशु कटान पर पुलिस की कार्रवाई, 10 गिरफ्तार, छह कुंतल मांस बरामद

उधर, पुलिस की ओर से गठित जांच समिति चढ़ावे से जुड़े अभिलेखों का विशेषज्ञों से परीक्षण करा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति भी समानांतर रूप से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

  • Related Posts

    उत्तराखंड पुलिस को मिली नई पहचान: CM ने नए ध्वज, प्रतीक चिह्न और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया, दिलाई शपथ

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया।…

    श्रीनगर: सीएम धामी का कांग्रेस पर निशाना, बोले-पहले अपने शासनकाल का हिसाब दें, युवाओं के साथ किया खिलवाड़

    मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को श्रीनगर में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि…