Views: 10,934
राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक एनिमेशन सेंटर में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद बिल्डिंग में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गए। केजीएमयू की ओर से 15 मौतों की पुष्टि की गई है। मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव संजय प्रसाद भी पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। पढ़ें…
लखनऊ अग्निकांड के बाद आज अलीगंज में दुकानें बंद
लखनऊ अग्निकांड की घटना के बाद मंगलवार को अलीगंज इलाके में दुकान बंद है और इन दुकानों के ऊपर लोग भी रहते हैं। यह तस्वीर है बेलीगारद चौराहे से सेक्टर क्यू चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग की।
पंजाब के मुख्यमंत्री बोले- घटना दिलदहला देने वाली
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लखनऊ अग्निकांड पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भयानक अग्निकांड की खबर बहुत ही दुखद और दिल दहला देने वाली है। इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले होनहार विद्यार्थियों को दिल से श्रद्धांजलि। परमात्मा बिछड़ी आत्माओं को अपने चरणों में निवास दे और पीछे परिवारों को यह असहनीय दुख सहने का बल बख्शे। दुख की इस घड़ी में हमारी हमदर्दी पीड़ित परिवारों के साथ है।
मौके पर पहुंची एसआईटी और फोरेंसिक टीमें
लखनऊ अग्निकांड की जांच शुरू हो चुकी है। घटना के बाद मंगलवार को एसआईटी के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए पूरी इमारत को सील कर दिया है। टीम अंदर से सबूत जुटा रही है। अभी भी यह पूरी तरह से आधिकारिक तौर पर साफ नहीं हो पाया है कि यह हादसा कैसे हुआ। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह एसी के फटने से हुई है।