हम 15 साल की किशोरी का भी गर्भपात करा देते हैं, बच्चा हुआ तो अच्छे पैसे मिलते’ खुलासा…

Spread the love

बीस साल की तो बड़ी है, हम तो पंद्रह साल की किशोरी का भी गर्भपात करा देते हैं। पिछले दिनों एक मामले में ऐसा किया है लेकिन यह स्थिति तभी आती है जब गर्भ तीन माह का हो। कम समय होने पर कई दवाएं हैं… एक गोली आज रात और बाकी चार गोली परसों देना… और हां, गोली कड़क चाय के साथ देना… असर जल्दी होगा।

 

ये सलाह किसी डॉक्टर की नहीं हैं बल्कि जिले के अमिला क्षेत्र के थानीदास स्थित आनंद मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे क्लीनिक की महिला संचालक किरन ने दी। यह सलाह बिना जांच रिपोर्ट और डॉक्टर के पर्चे पर दी गई। वहीं, कोपागंज के कृष्णा हॉस्पिटल में नवजात की खरीद फरोख्त का दावा तक किया गया।

कहा कि बच्चा हुआ तो अच्छे पैसे मिल जाते हैं। वाराणसी में गर्भपात की दवा के सेवन से एक युवती की मौत के बाद हमारी टीम ने शुक्रवार से रविवार तक इस मुद्दे पर स्टिंग ऑपरेशन किया। जिले के कोपागंज, अमिला, मादी सिपाह, थानीदास और पुराघाट क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में गर्भपात का धंधा खुलेआम चल रहा है।

 

सात से नौ हजार रुपये में गर्भपात हो जाएगा’
पांच अस्पतालों/क्लीनिकों में डमी महिला मरीज की जांच रिपोर्ट दिखाई गई जहां किसी संचालक ने दो तो किसी ने सात से नौ हजार रुपये में गर्भपात कराने की बात कही और भरोसा दिलाया कि कोई समस्या नहीं होगी।

इन इलाकों में गर्भपात की दवा मेडिकल स्टोर पर सिरदर्द की गोली की तरह बिक रही है। न डॉक्टर का पर्चा, न जांच रिपोर्ट और न ही अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखे दवा मिल जाती है। ये पूरा धंधा सीएचसी और पीएचसी के एक किलोमीटर के दायरे में चल रहा है।

लड़का हुआ तो कोई खरीद लेगा
कोपागंज स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में रिपोर्टर ने खुद को एक युवती का परिचित बताया और कहा कि तीन माह के गर्भावस्था का मामला है। खुद को डॉक्टर बताने वाली मीना ने क्लीनिक में गर्भपात कराने की बात कही। यहां एक महिला ने बच्चा खरीदने की बात कही और कहा कि लड़का हुआ तो किसी व्यक्ति को दे दिया जाएगा जो उसे खरीद लेगा।

इसके बाद अगले दिन टीम फिर इसी अस्पताल में पहुंची। यहां मिले कृष्णा कुमार ने खुद को ग्राम प्रधान बताया। कहा कि गर्भपात पर 5000 रुपये खर्च होंगे। यदि गर्भ 7 महीने का हो तो जन्म के बाद किसी दंपती को दिया जा सकता है और इसके बदले में अच्छे पैसे मिल सकते हैं।

टेंशन मत लो… 15 साल की बच्ची का भी करा चुके हैं गर्भपात
अमिला के थानीदास क्षेत्र स्थित आनंद पैथोलॉजी में टीम पहुंची। यहां आनंद नाम का व्यक्ति मिला। उसने टीम से बात की और पास की बिल्डिंग में जनसेवा क्लीनिक में जाने को कहा। टीम वहां पहुंची तो खुद को डॉक्टर बताने वाली किरन ने डमी जांच रिपोर्ट देखने के बाद कहा कि ‘टेंशन मत लें, यह सामान्य है। उसने कहा, पहले दवा दी जाएगी। इससे ब्लीडिंग होगी।

मरीज को दो से तीन घंटे भर्ती रखकर छोड़ दिया जाएगा। उसने कहा, ज्यादा चिंता न करें। उसने दावा किया कि इससे पहले 15 वर्ष की एक किशोरी का गर्भपात करा चुकी है। उसने गर्भपात की प्रक्रिया का खर्च लगभग नौ हजार रुपये बताया। इसमें दवाएं और 15 दिन का फॉलोअप शामिल है।

ब्लीडिंग के बाद आ जाइएगा, हम दवा दे देंगे 
अमिला कस्बे में संचालित अस्पताल प्रतिमा सेवा सदन का पंजीकरण आयुर्वेद विधा से है। करीब 20 मिनट बाद टीम को अंदर बुलाया गया। यहां महिला डॉक्टर के अनुपस्थित होने का हवाला दिया गया। कर्मचारियों ने बताया, पहले दवा दी जाएगी। इससे ब्लीडिंग शुरू होगी। इसके बाद मरीज को एक से दो दिन अस्पताल में रखा जाएगा। इस प्रक्रिया में 10 हजार रुपये खर्च होंगे।

और पढ़े  लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी बोले- हम किसी की जिंदगी तो नहीं लौटा सकते, पर नहीं बख्शे जाएंगे दोषी

दूसरे अस्पताल में सेटिंग है
मादी क्षेत्र के रीता क्लीनिक में एनआईसीयू वार्ड भी संचालित होता मिला। यहां मिले सचिन ने स्वयं ऐसा काम करने से इन्कार किया। उसने कहा, आनंद पैथोलॉजी चले जाइए वहां पर आपका काम हो जाएगा।

सीएचसी से 50 मीटर दूर हार्डवेयर की दुकान में चल रही क्लीनिक
कोपागंज सीएचसी से लगभग 50 मीटर दूर हार्डवेयर की दुकान में संचालित क्लीनिक में टीम पहुंची। यहां मिली एक युवती ने बताया कि उसका काम हो जाएगा। मां सविता से बात करके बताती हूं। उसने मां को बुलाने का आश्वासन दिया। इसी बीच फोन आने पर युवती ने कहा, मां की तबीयत ठीक नहीं है और यहां ये सब काम नहीं होता।

गर्भपात और अवैध क्लीनिक से जुड़ी शिकायतें गंभीर हैं। विभाग की टीमें जल्द ही छापा मारकर कार्रवाई करेंगी। सरकारी अस्पतालों के आसपास संचालन का मामला भी देखा जाएगा। मामले में कड़ी कार्रवाई होगी। डॉ. पंकज, सीएमओ

Spread the love
  • Related Posts

    बदमाश ललन सिंह का एनकाउंटर: 700 किमी से आकर किया इनामी को ढेर, स्थानीय पुलिस अंजान, कुख्यात का आपराधिक इतिहास

    Spread the love

    Spread the loveसहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में 1.25 लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह के एनकाउंटर ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर…


    Spread the love

    लखनऊ कोचिंग अग्निकांड- CM योगी का ताबड़तोड़ एक्शन, चार अफसरों को किया सस्पेंड, 4 गिरफ्तार, एसआईटी करेगी जांच

    Spread the love

    Spread the loveराजधानी लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में कार्रवाई करते हुए चार अफसरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले में चार लोगों को गिरफ्तार…


    Spread the love