जून के पहले सप्ताह में दिल्ली पर मौसम की मेहरबानी बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान तेज धूलभरी आंधी, हल्की बारिश, गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाओं का दौर आता रहेगा। इससे छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 7 जून तक दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 2 से 5 जून के बीच आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चार जून को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।








