LPG- गैस बुकिंग पर एक और अपडेट, कोटे से अधिक सिलिंडर के लिए देनी होगी ये जानकारी, क्या है नया नियम?

एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल करा लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर जाकर सवालों के जवाब देने होंगे।

 

परिवार के सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण, घर में शादी, भंडारा या कोई अन्य आयोजन है तो उसकी भी जानकारी देनी होगी। तभी सिलिंडर बुक होगा। बता दें कि बरेली जिले में करीब दस लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें 4.16 लाख उज्ज्वला कनेक्शन हैं।

 

रविवार से लागू इस नियम की जानकारी गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को भी नहीं थी। सुबह से ही मोबाइल फोन से बुकिंग की कोशिश कर रहे लोग असफल होने पर गैस एजेंसी पहुंचे। एजेंसी पर मौजूद स्टाफ को भी इसकी जानकारी नहीं थी। संचालक ने कंपनी के अधिकारियों को कॉल की तो इस नई प्रक्रिया की जानकारी मिली।

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्टि्रब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के मुताबिक, एक वित्त वर्ष में उपभोक्ता 12 सिलिंडर ले सकते हैं। कई उपभोक्ताओं का कोटा पूरा हो चुका है।

बीपीसीएल कंपनी के नए दिशा-निर्देश
लिहाजा, बीपीसीएल कंपनी के नए दिशा-निर्देश के तहत अब उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। क्रमवार सवालों के जवाब देने होंगे। उसके बाद ही बुकिंग होगी।

उपभोक्ताओं को होगी परेशानी
स्मार्टफोन के दौर में भी तमाम शहरी और ग्रामीण उपभोक्ता कीपैड वाला फोन ही चलाते हैं। कई ऐसे हैं जो स्मार्टफोन खरीद नहीं सकते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को कोटे के अलावा गैस बुकिंग के लिए फोन खरीदना, एप डाउनलोड कर सवालों के जवाब देना भी कठिन होगा। ऐसी स्थिति में घर बैठे एलपीजी बुकिंग की सहूलियत का लाभ भी नहीं मिलेगा। उनको एजेंसी के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।

पूछे जाएंगे ये सवाल
– परिवार में छह या इससे अधिक सदस्य हैं?
– परिवार में मेहमान आए हैं।
– शादी, भंडारा या अन्य कोई कार्यक्रम है।
– अन्य घरेलू उपयोग के लिए।
और पढ़े  पीएम किसान सम्मान निधि: मोदी ने जारी की 24वीं किस्त,ऐसे चेक करें आपके बैंक खाते में आए 2000 रुपये या नहीं

बदायूं: कॉमर्शियल सिलिंडर उपभोक्ताओं का ब्योरा भेजा
बदायूं जिले में सोमवार से कॉमर्शियल सिलिंडरों की 20 फीसदी अतिरिक्त आपूर्ति शुरू हो सकती है। इससे होटल संचालक और कैटर्स को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। उनका ब्योरा पेट्रोलियम कंपनी को भेज दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद अब तक होटल संचालक मुश्किलों से काम चला रहे थे।

कई लोगों ने कॉमर्शियल सिलिंडर न मिलने के कारण या तो अपना धंधा बंद कर दिया था या फिर भट्ठी का प्रयोग करने लगे थे। अब केंद्र सरकार ने 20 प्रतिशत अतिरिक्त गैस की आपूर्ति शुरू करने की बात कही है। इससे व्यापारियों और ढाबा संचालकों को राहत मिल सकती है।  बता दें कि बदायूं जनपद में कॉमर्शियल सिलिंडर के 862 उपभोक्ता हैं। अब नए नियम के आधार पर सिलिंडर उपभोक्ताओं को दिए जाएंगे।
  • Related Posts

    पीएम किसान सम्मान निधि: मोदी ने जारी की 24वीं किस्त,ऐसे चेक करें आपके बैंक खाते में आए 2000 रुपये या नहीं

    पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी गई है। आपके खाते में 2000 रुपये पहुंचने वाले हैं और खाते में क्रेडिट होने का मैसेज भी मिलने वाला है।…

    टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: सोनीपत से अमन गिरफ्तार, केस में अब तक हो चुकीं 12 गिरफ्तारियां

    अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। यह इस मामले में कुल 12वीं गिरफ्तारी है। मुंबई पुलिस ने सोनीपत के रोहणा गांव से अमन…