हिमाचल प्रदेश के अधिकतर भागों में आज बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दाैर फिर से शुरू हो गया है। कई भागों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी बारिश हो रही है। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान गोंदला में 22.0, कुकुमसेरी 21.3, कोठी 20.0, कोकसर 19.0, हंसा 15.0, केलांग 12.5, कल्पा 5.5, सांगला 1.8 व जोत में 1.0 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
वहीं सलूणी में 9.3, मनाली 6.0, तीसा और सेऊबाग 1.0, सराहन 0.7 व रामपुर 0.6 में मिलीमीटर बारिश हुई। उधर, राज्य में बीते दिनों हुई बर्फबारी से अभी भी सैकड़ों सड़कें और बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सैलानियों को बर्फबारी वाले इलाकों में यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनत तामपान 6.0, सुंदरनगर 7.9, भुंतर 7.1, कल्पा -1.2, ऊना 4.8, नाहन 8.1, पालमपुर 6.0, सोलन 5.6, मनाली 0.6, कांगड़ा 9.7, मंडी 9.4, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 8.1, जुब्बड़हट्टी 7.4, कुफरी 1.7, कुकुमसेरी -2.9, नारकंडा -1.0 , रिकांगपिओ 0.4, सेऊबाग 6.5, बरठीं 7.2, चाैपाल 5.3, कसाैली 7.1, पांवटा साहिब 9.0, ताबो -8.9, मशोबरा 4.1 व देहरा गोपीपुर में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मनाली, बंजार के सभी स्कूलों में अवकाश, कुल्लू के 13 स्कूल रहेंगे बंद
जिला कुल्लू के कुछ भागों में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर फैसला लिया है। उप मंडल दंडाधिकारी कुल्लू के अनुसार वर्तमान एवं आगामी मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ संवेदनशील बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन जोखिमपूर्ण हो सकता है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ऐसे में कुल्लू के 13 स्कूल बंद रहेंगे। जबकि मनाली और बंजार उपमंडल में सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया है। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।








