संसद के शीतकालीन सत्र में अब केवल दो कार्यदिवस बचे हैं। आज लोकसभा में राष्ट्रीय राजधानी- दिल्ली और इसके आसपास (NCR) वायु प्रदूषण के कारण उपजे गंभीर हालात पर चर्चा होनी थी। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी विपक्षी खेमे की तरफ से चर्चा की शुरुआत करनी थी। हालांकि, प्रश्नकाल के बाद हंगामे के बीच वीबी- जी राम जी विधेयक पारित हुआ और स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही कल तक स्थगित कर दी। दूसरी तरफ राज्यसभा में परमाणु क्षेत्र से जुड़े SHANTI बिल पर चर्चा हो रही है।
राज्यसभा में SHANTI बिल पर चर्चा, कांग्रेस-TMC ने किया विरोध
‘भारत के रुपांतरण के लिए नाभिकीय ऊर्जा का संधारणीय दोहन और अभिवर्धन विधेयक, 2025 (Sustainable Harnessing and Advancement of Nuclear Energy for Transforming India Bill aka SHANTI Bill), 2025)। कांग्रेस की तरफ से जयराम रमेश ने इसका पुरजोर विरोध किया। तृणमूल कांग्रेस सांसद सागरिका घोष ने भी इसके प्रावधानों को घातक बताते हुए कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि भले ही इसे शांति बिल बताया जा रहा है लेकिन इससे कई खतरे पैदा होने की आशंका है। हरियाणा से निर्वाचित भाजपा सांसद किरण चौधरी ने सत्ताधारी दल की तरफ से बिल के प्रावधानों का समर्थन किया और अन्य सांसदों से इसका समर्थन कर विधेयक को पारित कराने में सहयोग का आह्वान किया।
लोकसभा में VB-G Ram G विधेयक पर हंगामा, विपक्षी दलों ने कागजात फाड़कर उछाले
लोकसभा में VB-G Ram G विधेयक पर हंगामे के दौरान विपक्षी दलों ने कागजात फाड़कर भी उछाले। बिल पारित होने के बाद एक तरफ जहां स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी तो दूसरी तरफ राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शांति बिल (SHANTI बिल) पेश किया।









