हल्द्वानी। कोविड कर्फ्यू के चलते तीन दिन तक बाजार पूरी तरह से बंद रहने के बाद चौथे दिन खुला तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी प्रमुख बाजारों में अफरातफरी और अव्यवस्था देखी।
किराना की दुकानों पर लोग इस कदर टूट पड़े मानो आज ही सब कुछ खरीदारी करनी हो। बाजार में बड़ी भीड़ से अफरातफरी का माहौल रहा। कई स्थानों पर जाम की स्थिति आई। ग्राहक सामाजिक दूरी का पालन किए बगैर दुकानों में खरीदारी करते नजर आए। शहर के पटेल चौक, कारखाना बाजार, मंगल पड़ाव, रेलवे बाजार, नया बाजार, साहूकारा लाइन, रामपुर रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।








