अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर से बुधवार को पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की। उर्मिला से इन ऑडियो-वीडियो के स्रोत और उसके पीछे की कहानी के संबंध में कई सवाल किए गए। उर्मिला अब बृहस्पतिवार को हरिद्वार में एसआईटी प्रभारी के सामने पेश हो सकती हैं। इस पूछताछ में दोनों प्राथमिकियों (नेहरू कॉलोनी और डालनवाला में दर्ज) के विवेचना अधिकारी शामिल रहे।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उर्मिला को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उर्मिला ने दोनों जांच अधिकारियों को सुरेश राठौर और उनके बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप दी है। इसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। एसएसपी ने बताया कि उर्मिला ने अपनी सुरक्षा के संबंध में जो प्रार्थनापत्र दिया था उस पर एलआईयू से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।








