कुछ दिनों से फरार चल रहे मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह गुरुवार सुबह चंडीगढ़ से मुंबई पहुंच गए हैं। पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि मैं यहां जांच में सहयोग करने आया हूं और मुझे न्यायपालिका में पूरा विश्वास है। परमबीर सिंह को मुंबई की एक अदालत ने फरार घोषित कर दिया था। वह महाराष्ट्र में कई मामलों में वसूली के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के दबाव के बाद मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने बुधवार को खुलासा किया था कि वह चंडीगढ़ में हैं और जल्द ही मुंबई जाएंगे। उन्होंने कहा था कि मेरी जान को खतरा है इसलिए मैं यहां हूं। वहीं पुलिस व कोर्ट के सामने आत्मसमर्पण के सवाल पर उन्होंने कहा था कि मैंने अभी अपने अगले कदम के बारे में निर्णय नहीं लिया है। हालांकि अब वे जांच में सहयोग करने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। आईपीएस अधिकारी परम बीर सिंह बुधवार शाम को टेलीग्राम में दिखे थे। हालांकि बाद में उन्होंने सोशल मैसेजिंग एप से अपना अकाउंट डिलीट कर दिया। मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से स्थानांतरण और महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद सिंह ने इस साल मई से काम करने की सूचना नहीं दी है।









