उत्तराखंड : हरिद्वार पहुंची फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच पर झोंका फायर सिपाही की मौत, बदमाशों की धरपकड़ के लिए पहुंची थी टीम..

डकैती के मामले में फरार चार आरोपियों की तलाश में गुरुवार को हरिद्वार पहुंची फरीदाबाद क्राइम ब्रांच के एक पुलिसकर्मी को बदमाशों ने देर रात गोली मार दी। आनन फानन घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने मौके से तीन बदमाशों को दबोच लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जबकि, एक बदमाश फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने फरार बदमाश की तलाश में चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के फरीदाबाद में कुछ समय पहले बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। बदमाशों की लोकेशन हरिद्वार में मिलने पर बृहस्पतिवार को क्राइम ब्रांच के आठ पुलिसकर्मियों की टीम यहां पहुंच गई।
चारों बदमाशों को दबोच लिया
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे टीम ने बदमाशों को पंतदीप पार्किंग के पास ट्रेस कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर चारों बदमाशों को दबोच लिया। इसी बीच अचानक एक बदमाश ने जुराब से पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली क्राइम ब्रांच के सिपाही एवं चालक संदीप (38) की कनपटी में जा लगी।

आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला बदमाश मौके से फरार हो गया। जबकि, तीन बदमाशों को नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर हरिद्वार पुलिस में खलबली मच गई।

और पढ़े  उत्तराखंड विधानसभा सत्र: अनुपूरक बजट समेत सभी 10 विधेयक पारित, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह और नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत तत्काल मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे और फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम से बातचीत की। एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय को घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जिले के सभी बॉर्डर पर चेकिंग की जा रही है।
स्थानीय पुलिस को साथ लिए बिना पहुंची थी टीम
फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम रात 10 बजे के करीब लोकेशन मिलने के बाद हरिद्वार पहुंची थी। बताया जा रहा है कि टीम ने स्थानीय पुलिस को इस बारे में कोई सूचना नहीं दी थी। हरिद्वार पहुंचने के बाद टीम के सदस्यों ने स्थानीय पुलिस को साथ नहीं लिया। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम गुड वर्क दिखाने के चक्कर में सीधे बदमाशों की लोकेशन पर पहुंची और उन्हें धर दबोचा।

हरियाणा के अधिकारी लेते रहे पल पल की अपडेट
गोली लगने से हुई मौत के बाद हरियाणा पुलिस के अधिकारी हरिद्वार आई क्राइम ब्रांच की टीम से पल-पल का अपडेट लेते रहे।

बाहरी राज्यों से आने वाली पुलिस नहीं करा रही आमद दर्ज
हरिद्वार में हुई घटना के बाद माना जा रहा है कि बाहरी राज्यों से आने वाली पुलिस वांछित व अन्य घटनाओं के आरोपियों को सीधे पकड़ने के लिए पहुंच रही है।

फरार बदमाश के बाएं हाथ में लगी है चोट
घटना के बाद फरार हुए बदमाश के बाएं हाथ पर चोट लगी है। बताया जा रहा है कि वह पंतदीप पार्किंग की नौ फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकला। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने जिले में अलर्ट जारी कर फरार बदमाश की तलाश शुरू करने के आदेश दिए हैं। सूचना मिलते ही सभी थाना क्षेत्र की पुलिस ने अभियान चलाते हुए चेकिंग शुरू कर दी है।

  • Related Posts

    ज्योतिर्मठ- चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: दून एयरपोर्ट पहुंचे मृतक सभी श्रद्धालुओं के शव, इंडिगो के विमान से भेजे घर

    चमोली के ज्योर्तिमठ में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मृतक सभी छह लोगों के शवों को आज रेस्क्यू टीमों ने निकाल लिया। इसके बाद शवों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया था।…

    देहरादून: आज से दिल्ली नहीं जा पाएंगी उत्तराखंड रोडवेज की 200 बसें, नए रूट्स पर वोल्वो चलाने की तैयारी

    दिल्ली में रविवार से बीएस-छह वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। ऐसे में परिवहन निगम की वोल्वो समेत करीब दो सौ बसों का संचालन प्रभावित होगा। अब परिवहन निगम ने वोल्वो…