गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थानाक्षेत्र की अंसल कॉलोनी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर छोटे खां के घर में बुधवार शाम को डकैती की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हथियारबंद छह बदमाशों ने छोटे खां के घर पर धावा बोल दिया और परिजनों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर छोटे खां, उनके भाई और किराएदार के घर में रखे 90 लाख रुपये कैश और 10 लाख से अधिक के जेवर लूटकर ले गए। बताया जा रहा है कि छोटे खां के किराएदार को मकान खरीदना था। इसी के लिए उसने पैसे रखे हुए थे।
मालूम हो कि गाजियाबाद में बेखौफ बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई यह कोई पहली वारदात नहीं है। आए दिन हथियारबंद बदमाश इस तरह की डकैती करते हैं। इससे पहले मार्च में ही लोनी कोतवाली में बदमाश नकदी, जेवरात के साथ ही घर में खड़ी स्कॉर्पियो को भी उड़ा ले गए थे।
लोनी के मालिक सिटी कॉलोनी में नईम और उसका भाई बुरहान बुधवार रात अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे चार हथियारबंद बदमाश सीढ़ी लगाकर बालकनी से घर में घुस गए।
इसके बाद बदमाशों ने ऊपर सो रहे नईम को पिस्टल की नोक पर लेकर उसके हाथ बांध दिए और नीचे लाए। नीचे सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को एक कमरे में बैठा कर पिस्टल की नोक पर ले लिया था।
बदमाश के साथियों ने अलमारी और बैग में रखे करीब चार लाख रुपये, करीब डेढ़ लाख के जेवरात और छह मोबाइल ले गए थे। यही नहीं इसके बाद बदमाश घर से चाबी लेकर घर के सामने दूसरे मकान में खड़ी स्कॉर्पियो को निकाल कर ले गए।







