प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र ने इन जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, कुछ अन्य इलाकों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने का भी अनुमान है।
शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। राज्य के तमाम पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश का क्रम बना हुआ है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन में रविवार को भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी जिलों में कई जगह भारी बारिश हो सकती है।
इससे तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं। दूसरी ओर राजधानी दून में भी बादल छाये रहने का अनुमान है। दिन में दो से तीन दौर की बारिश हो सकती है। इससे दून के तापमान में करीब सात डिग्री तक की कमी आने के आसार हैं। लोगों को दिन में होने वाली गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है।







