Yamuna- दिल्ली में खतरे के निशान से नीचे यमुना, तेजी से कम हो रहा है पानी,अब बीमारियों का खतरा

Spread the love

 

 

 

 

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान 205.33 मीटर से नीचे पहुंच गई है। इससे नदी में पानी तेजी से कम हो रहा है। हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे सामान्य मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि दिल्ली से जल निकासी करीब चार गुना ज्यादा हो रहा है। इससे एक-दो दिन में बाढ़ प्रभावित इलाकों में जन जीवन सामान्य हो जाने की उम्मीद है।

बाढ़ प्रभावित इलाके यमुना बाजार, मॉनेस्ट्री मार्केट से गाद निकाली जा रही है। लोगों के घरों में तीन-चार फुट तक गाद जमा है। इस सीजन में 4 अगस्त को यमुना का अधिकतम जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंचा, लेकिन तीन दिन बाद 7 अगस्त को ही स्थिति फिर से सामान्य होती नजर आई। 2023 में आई बाढ़ को देखते हुए ये माना जा रहा था कि इस बार भी जलभराव की स्थिति लंबी खिंच सकती है, लेकिन पहले से बाढ़ की तैयारियां पूरी होने के कारण स्थिति जल्दी सुधरती दिख रही है।

 

बाढ़ से निपटने की तैयारियां रहीं कारगर
आईटीओ सहित दिल्ली के सभी बैराज के गेट पहले ही पूरी तरह खोल दिए गए। इससे यमुना के बहाव में अवरोध नहीं पैदा हुआ। पिछली बाढ़ के लिए आईटीओ बैराज के बंद पड़े चार गेट और नदी के बहाव वाले रास्ते में दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल परियोजना के कारण पड़ी मिट्टी और निर्माण कचरा, बड़ी बाधा बने थे। इस कारण दिल्ली को बड़े पैमाने पर बाढ़ की मार झेलनी पड़ी।

आईटीओ और रिंग रोड पर नहीं बंद हुआ ट्रैफिक
आईटीओ चौराहे पर करीब दो महीने पहले सीवेज सिस्टम को नए सिरे से बदला गया। इस कारण इस बार यमुना में बाढ़ के दौरान इस जगह पर सीवेज ओवरफ्लो के कारण जलभराव नहीं हुआ। 2023 में आईटीओ चौराहे से लेकर राजघाट-सराय काले खां फ्लाईओवर तक सड़क तालाब की तरह दिखती थी। कई बार ज्यादा जलभराव के कारण इस रूट पर ट्रैफिक भी बंद करना पड़ा। इस बार यहां बिल्कुल जलभराव नहीं हुआ। इसी तरह से रिंग रोड पर इस बार करीब 20 घंटे जलभराव हुआ, लेकिन पंपों की मदद से पानी जल्द हटाया गया। इस बीच यहां से ट्रैफिक लगातार चलता रहा।

चार गुना पानी दिल्ली से हो रहा खाली
मौजूदा समय हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे करीब 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा, जबकि दिल्ली में ओखला बैराज से हर घंटे में एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। इससे उम्मीद है कि सोमवार को यमुना का बहाव भी धीमा नजर आएगा। शाम 7 बजे तक यमुना का जलस्तर 205.38 दर्ज किया गया। पानी हर घंटे करीब दो सेमी नीचे खिसक रहा है।

और पढ़े  दिल्ली मास्टर प्लान- 2047: घरों के बीच गोदाम, सड़कों पर माल और वाहनों का दबाव होगा खत्म

यमुना का जलस्तर घटा …मुश्किलें नहीं
यमुना का जलस्तर कम होने से थोड़ी राहत तो जरूर मिली है लेकिन मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए बिना संसाधन के टेंट में रात-दिन गुजारना परेशानी का सबब बनता जा रहा है। जलस्तर कम होते ही लोग पानी में गोता लगाते हुए अपने घरों की ओर जा रहे हैं ताकि बचा हुआ सामान निकाल सकें।

पीड़ितों का कहना है कि बाढ़ की वजह से जो कुछ भी था, सब बर्बाद हो चुका है। अब संसाधनों की कमी है। यमुना खादर निवासी सुमित कुमार ने बताया कि बाढ़ में सब कुछ खो दिया है। यहां तक कि जो जरूरी कागजात थे, जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और स्कूल की मार्कशीट के साथ अन्य सभी जरूरी प्रमाण पत्र सब यमुना में बह गए। वहीं, पुराना उस्मानपुर निवासी लवकुश ने बताया कि इन टेंटों में जिंदगी बसर करना बहुत मुश्किल है। खाने से लेकर पीने के पानी तक के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उसने कहा कि यहां कुछ एनजीओ वाले आते हैं, जो अभी मदद कर रहे हैं लेकिन यह नाकाफी है। टेंट में कुछ लोगों को खाना मिलता है कुछ को नहीं मिलता है। इसके अलावा कैंपों में चिकित्सा सेवाओं की भी कमी है।

मच्छर से बढ़ रहा बीमारी का खतरा
बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि राहत शिविर में रात को मच्छर काटते हैं, जिससे यहां रात गुजारना किसी चुनौती से कम नहीं है। मच्छरजनित बीमारी होने की संभावना बढ़ रही है। राहत शिविर में मच्छरजनित बीमारियों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से छिड़काव कराया जा रहा है।

और पढ़े  ब्लाइंड मर्डर सुलझा: बेटे के कत्ल में पिता और दोस्त पकड़े, डॉक्टर का बहाना कर ले गए, पत्थर से मारा

 


Spread the love
  • Related Posts

    दिल्ली में फिर दरिंदगी, पर्दे लगी बस में 16 साल की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म,ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

    Spread the love

    Spread the love दिल्ली में एक बार फिर निर्भया जैसा कांड सामने आया है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रेटर नोएडा…


    Spread the love

    दिल्ली में नए अग्निशमन नियम लागू: राहत के साथ बढ़ी आफत, राहत किसे और कितनी, फैसला अधिकारियों के हाथ

    Spread the love

    Spread the loveदिल्ली सरकार के गृह विभाग ने हाल ही में आग से सुरक्षा से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। संशोधित नियमों में राजधानी की इमारतों, मकान मालिकों और…


    Spread the love